scriptघर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर हमला, जाने मामला | Patrika News
बरेली

घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर हमला, जाने मामला

थाना सीबीगंज क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी और उसके साथियों ने महिला और उसके परिवार पर तलवार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला का पांच वर्षीय बेटा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

बरेलीMar 02, 2025 / 02:09 pm

Avanish Pandey

बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी और उसके साथियों ने महिला और उसके परिवार पर तलवार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला का पांच वर्षीय बेटा और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घर में अकेला देख घुसे आरोपी

महिला के अनुसार बीती शाम जब वह घर में अकेली थी, तभी गांव का एक युवक नशे की हालत में जबरन घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर उसका जेठ और एक पड़ोसी बचाने के लिए पहुंचे। इसी दौरान आरोपी अरुण पुत्र जगदीश तलवार लेकर वहां पहुंचा और पड़ोसी पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में मूलचंद और जगदीश पुत्र चेतरा भी लाठी-डंडों के साथ वहां आ गए और महिला तथा उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला के पांच वर्षीय बेटे को ईंट मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जान से मारने की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने घटना के बाद उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह जान बचाकर महिला पुलिस थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। महिला की शिकायत पर सीबीगंज पुलिस ने तलवार से हमला करने और दुष्कर्म के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Hindi News / Bareilly / घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध करने पर हमला, जाने मामला

ट्रेंडिंग वीडियो