भोपाल में होंगी आठ तहसीलें, होने जा रहा तहसीलों का पुनर्गठन
MP News: तहसील पुनर्गठन के तहत तय किए जा रहे प्रस्ताव में कोलार तहसील से शाहपुरा, बावडिय़ा क्षेत्र को हटाया जा रहा है, जबकि चंदनपुरा, मेंडोरा, मेंडोरी जोड़ा जा रहा है। हुजूर तहसील के गांवों में करीब 60 गांव हटाकर अन्य तहसीलों में जोड़े जा रहे हैं।
MP News: राजधानी भोपाल में तहसील पुनर्गठन के तहत तय किए जा रहे प्रस्ताव में कोलार तहसील से शाहपुरा, बावडिय़ा क्षेत्र को हटाया जा रहा है, जबकि चंदनपुरा, मेंडोरा, मेंडोरी जोड़ा जा रहा है। हुजूर तहसील के गांवों में करीब 60 गांव हटाकर अन्य तहसीलों में जोड़े जा रहे हैं। हर विधानसभा में एक तहसील होगी। कम से कम आठ तहसील का प्रस्ताव है। सोमवार को कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम ने करीब तीन घंटे तक इस पर मंथन किया। जिले के नक्शे और आबादी के अनुसार यह निर्णय लिया जा रहा है। इस संबंध में मंगलवार को एक बार फिर बैठक होगी। बुधवार को प्रस्ताव को संभागायुक्त को भेजा जाएगा।
हुजूर तहसील में अभी 195 गांव है। इनमें से 60 गांव हटाए गए। अब यां 135 गांव रहेंगे।
टीटी नगर नजूल से तीन गांव हटाकर सात नए जोड़े गए हैं। कुल 20 गांव रहेंगे।
गोविंदपुरा नजूल में 19 गांव जोड़े गए हैं। कुल 35 गांव इसमें रहेंगे।
एमपी नगर में 22 नए क्षेत्र जुडऩे से 30 गांव शामिल हो गए हैं।
बैरागढ़ नजूल में 23 नए क्षेत्र जोड़ गए, जिससे यहां कुल 40 क्षेत्र हो गए।
सिटी नजूल में कोई बदलाव नहीं है।
यह मिलेगा लाभ
लोगों को राजस्व और जमीन से जुड़े कामों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि तहसील कार्यालय उनके निवास क्षेत्र के पास होगी।
हुजूर तहसील में शहर व ग्रामीण दोनों क्षेत्र होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होता है।
नई तहसीलों में अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती होगी, जिससे कामकाज में तेजी आएगी।
नई तहसीलें दूरी व क्षेत्रफल के अनुसार अलग से नजूल क्षेत्र तय करेंगी।
तहसीलों का पुनर्गठन
तहसीलों(Bhopal Tehsil) के संबंध में बैठक हुई है। प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे संभागायुक्त के माध्यम से शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। समान क्षेत्र और समान आबादी व लोगों की सुविधा को देखते हुए तहसीलों का पुनर्गठन होगा।– कौशलेंद्र विक्रमसिंह, कलेक्टर
अभी ये स्थिति
जिले में अभी बैरसिया, कोलार व हुजूर तहसीलें हैं।
मौजूदा तहसीलों में कुल आठ नजूल क्षेत्र को एसडीएम केजरिए प्रबंधन होता है।
हुजूर विधानसभा रिंग की तरह भोपाल जिले के चारों तरफ है। इसके साथ ही कोलार उपनगर व बैरागढ़ उपनगर दो अलग दिशाओं में हैं। इसका बड़ा हिस्सा नर्मदापुरम रोड पर कटारा और आगे के क्षेत्रों में है।
इसलिए जरूरी
नजूल क्षेत्रों में खुद के कार्यालय समेत अन्य जरूरी संसाधन विकसित नहीं कर सकते। तहसील गठन के बाद उसी क्षेत्र में कार्यालय व व्यवस्थाएं बनने से लोगों को अपने क्षेत्र में ही कामकाज की सुविधा मिलेगी।
गोविंदपुरा नजूल का कार्यालय पुराने शहर में कलेक्ट्रेट में है। सिटी सर्कल का कार्यालय भी कलेक्ट्रेट में है। बैरागढ़ का कार्यालय भी बैरागढ़ की बजाय हुजूर में है।
Hindi News / Bhopal / भोपाल में होंगी आठ तहसीलें, होने जा रहा तहसीलों का पुनर्गठन