scriptअब अर्ध भूमिगत कचरा पात्र से खुले में पड़े रहने वाले कचरे से मिलेगी निजात | Now semi-underground garbage bins will provide relief from garbage lying in the open | Patrika News
बीकानेर

अब अर्ध भूमिगत कचरा पात्र से खुले में पड़े रहने वाले कचरे से मिलेगी निजात

बीकानेर जूनागढ़ किला के पास अब सड़क पर खुले में पड़ा कचरा नजर नहीं आएगा। जिला प्रशासन व नगर निगम के प्रयासों से यहां पुराना बस स्टैण्ड क्षेत्र में अर्ध भूमिगत कचरा पात्र लगाए गए है। आमजन गीले व सूखे कचरे को किसी भी प्रकार की थैलियों में भरकर इन कचरा पात्रों में डाल सकेंगे। इससे सड़क पर कचरा बिखरा हुआ नजर नहीं आएगा। इस स्थान पर बैठने के लिए बेंच, लाइटें, टाइल्स भी लगाए गए है। दो कचरा पात्र है, जिसमें प्रत्येक की क्षमता 1.25 टन है। कचरा पात्र के भरने पर कचरे को बाहर निकाला जा सकेगा। इस कचरा पात्र के बेहतर परिणाम सामने आने पर शहर में अन्य स्थानों पर भी ऐसे ही कचरा पात्र लगाए जाएंगे।

बीकानेरApr 27, 2025 / 10:59 pm

Vimal

बीकानेर. जूनागढ़ किला पुराना बस स्टैण्ड क्षेत्र में अब कचरा संग्रहण केन्द्र पर सड़क पर कचरा फैला हुआ और कचरे पर मंडराते पशु नजर नहीं आएंगे। जिला प्रशासन और नगर निगम के प्रयासो व नवाचार के तहत यहां अर्ध भूमिगत कचरा पात्र स्थापित किए गए है। संग्रहण केन्द्र पर खुले में डाले जा रहे कचरे को अब किसी भी प्रकार की थैलियों में बांधकर इन कचरा पात्रों में डाला जा सकेगा। इससे इस स्थान पर अब कचरे का ढ़ेर नजर नहीं आएगा। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के मार्गदर्शन में नवाचार के तहत यहां अर्ध भूमिगत दो कचरा पात्र स्थापित किए गए है। इसके बेहतर परिणाम सामने आने पर शहर में और भी कई स्थानों पर ऐसे ही अर्ध भूमिगत कचरा पात्र स्थापित किए जाएंगे।
सूखे व गीले कचरे को डाल सकेंगे

निगम आयुक्त मयंक मनीष के अनुसार जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के मार्गदर्शन में शहर में यह नवाचार किया गया है। फिनलैंड से आयातित दो कचरा पात्र यहां स्थापित किए गए है। इनमें सूखे और गीले कचरे को किसी भी थैली में बांधकर इन कचरा पात्रों में डाला जा सकता है। कीचड़, गोबर, पानी, कांच के टुकड़े, मकान का मलबा, पत्थर और जलती हुई कोई वस्तु व मृत जानवर इस कचरा पात्र में नहीं डाला जा सकेगा।
बेंच, लाइट, सीसी कैमरा

आयुक्त के अनुसार कचरा पात्र के पास अब स्वच्छ वातावरण हो गया है। यहां लोगों के बैठने के लिए बेंच भी लगाई गई है। लाइटें भी लगाई गई है। प्लेटफार्म और टाइल्स भी लगाई गई है। निगरानी के लिए सीसी टीवी कैमरा भी लगाया जाएगा। आयुक्त के अनुसार इस कचरा पात्र की डिजाइन और इंस्टॉल्ड का कार्य जागृति फाउण्डेशन की ओर से किया गया है। कचरा पात्र भरने पर इसमें भरे कचरे को बाहर निकाला जा सकेगा।
यह होगा फायदा

जूनागढ़ पर्यटक स्थल है। यहां रोज देशी-विदेशी पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। जिस स्थान पर अर्ध भूमिगत कचरा पात्र स्थापित किए गए है, वहां पहले बड़ी मात्रा में रोज कचरा फैला रहता था। पशु मंडराते रहते थे व सड़क पर कचरा फैलता रहता था। इसके लगने से अब कचरा फैला हुआ नजर नहीं आएगा। कचरा पात्र में कचरा डालेंगे।

Hindi News / Bikaner / अब अर्ध भूमिगत कचरा पात्र से खुले में पड़े रहने वाले कचरे से मिलेगी निजात

ट्रेंडिंग वीडियो