scriptWarren Buffett ने फिर खोला अपना खजाना, दान में दे दिए 6 अरब डॉलर के शेयर, जानिए कितनी है दौलत | Warren Buffett donated shares worth 6 billion dollars know Networth | Patrika News
कारोबार

Warren Buffett ने फिर खोला अपना खजाना, दान में दे दिए 6 अरब डॉलर के शेयर, जानिए कितनी है दौलत

Warren Buffett Networth: दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति वॉरेन बफेट ने एक बार फिर भारी-भरकम दान दिया है। बफेट ने 6 अरब डॉलर के शेयर दान में दिये हैं।

भारतJun 28, 2025 / 10:55 am

Pawan Jayaswal

Warren Buffett Networth

वॉरेन बफेट ने एक बार फिर बड़ी संख्या में अपने शेयर दान किये हैं। (PC: Pixabay)

दुनिया के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट ने एक बार फिर अपना खजाना लोगों के लिए खोला है। इस अरबपति ने 6 अरब डॉलर (51,200 करोड़ रुपये) के बर्कशायर हैथवे के शेयर दान में दे दिए हैं। बफेट ने गेट्स फाउंडेशन एंड चार फैमिली चैरिटीज को यह दान दिया है। बफेट ने करीब 2 दशक पहले अपनी संपत्ति दान करना शुरू किया था। उसके बाद से यह उनका सबसे बड़ा एनुअल डोनेशन है। बफेट ने इस डोनेशन में करीब 1.23 करोड़ बर्कशायर क्लास बी शेयर दान किये हैं। इस तरह चैरिटीज को दी गई बफेट की कुल डोनेशन 60 अरब डॉलर (5129.4 अरब रुपये) पर पहुंच गई है।

94.3 लाख शेयर गेट्स फाउंडेशन को डोनेट किए

वॉरेन बफेट ने अपनी इस डोनेशन में 94.3 लाख शेयर गेट्स फाउंडेशन को डोनेट किये हैं। 9,43,384 शेयर सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को दिये हैं। वहीं, 6,60,366 शेयर उनके बच्चों हॉवर्ड, सूसी और पीटर के नेतृत्व वाली 3 चैरिटीज को दिए हैं। ये चैरिटीज हॉवर्ड जी. बफेट फाउंडेशन, शेरवुड फाउंडेशन और नोवो फाउंडेशन हैं। वॉरेन बफेट के पास अभी भी 13.8 फीसदी बर्कशायर के शेयर हैं।

दुनिया के 8वें सबसे अमीर व्यक्ति

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार वॉरेन बफेट इस समय दुनिया के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 152 अरब डॉलर है। इस साल अब तक बफेट की नेटवर्थ में 10.1 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। बफेट ने पिछले नवंबर अपनी फैमिली चैरिटीज में 1.14 अरब डॉलर का दान दिया था। वहीं, जून 2024 में उन्होंने 5.3 अरब डॉलर का दान दिया था।

94 साल है उम्र

वॉरेन बफेट इस समय 94 साल के हैं। उन्होंने साल 2006 में अपनी संपत्ति दान करना शुरू किया था। बफेट ने एक बयान में कहा है कि उनका कोई भी बर्कशायर शेयर बेचने का इरादा नहीं है। बफेट ने पिछले साल अपनी विल में बदलाव किया था। इसमें उन्होंने अपनी मत्यु के बाद बची दौलत का 99.5 फीसदी चैरिटेबल ट्रस्ट को देने का फैसला लिया है। यह वो चैरिटेबल ट्रस्ट हैं, जिसे उनके बच्चे संभालते हैं। बफेट के बच्चों के पास पैसा डिस्ट्रीब्यूट करने के लिए 10 साल होंगे। उन्हें सर्वसम्मति से यह तय करना होगा कि यह पैसा कहां जाएगा। इस समय सूसी बफेट 71 साल की हैं, हॉवर्ड बफेट 70 साल के हैं और पीटर बफेट 67 साल के हैं।
यह भी पढ़ें

Real Estate News: सिर्फ रजिस्ट्री होने से आपकी नहीं हो जाएगी प्रॉपर्टी, अगर नहीं हैं ये डॉक्यूमेंट्स तो पड़ सकता है पछताना

1965 से संभाल रहे बर्कशायर की कमान

वॉरेन बफेट साल 1965 से बर्कशायर का नेतृत्व कर रहे हैं। यह 1.05 ट्रिलियन डॉलर का ग्रुप है। इस ग्रुप के पास गीको कार इंश्योरेंस और बीएनएसएफ रेलरोड समेत करीब 200 बिजनेसेस हैं। साथ ही ग्रुप के पास एपल और अमेरिकन एक्सप्रेस समेत दर्जनों कंपनियों के स्टॉक्स हैं।

Hindi News / Business / Warren Buffett ने फिर खोला अपना खजाना, दान में दे दिए 6 अरब डॉलर के शेयर, जानिए कितनी है दौलत

ट्रेंडिंग वीडियो