दतिया की पीतांबरा पीठ के आचार्य पंडित ओम नारायण शास्त्री का गुरुवार को देहांत हुआ। पीतांबरा पीठ समिति सदस्यों ने बताया कि आचार्य का सायं 5.30 बजे ब्रह्मलोक गमन हो गया।
यह भी पढ़ें: एमपी में दो से अधिक संतानों पर बर्खास्तगी पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
आचार्य पंडित ओम नारायण शास्त्री संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे। वे दतिया की विश्व विख्यात मां पीतांबरा पीठ के आचार्य भी थे। आचार्य लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन का समाचार पाकर समूचे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए लिखा-
पीतांबरा पीठ दतिया के आचार्य, श्रद्धेय पंडित श्री ओम नारायण शास्त्री जी के देवलोक गमन का समाचार सुनकर हृदय व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके अनुयायियों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। पूज्य आचार्य जी को भावभीनी श्रद्धांजलि!
।। ॐ शांति ।। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी आचार्य पंडित ओम नारायण शास्त्री के देहांत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा—
पवित्र पीतांबरा पीठ दतिया के आचार्य पंडित श्री ओम नारायण शास्त्री जी के ब्रह्मलोक गमन की दुखद सूचना प्राप्त हुई! शक्ति स्वरूपा मां पीतांबरा से प्रार्थना है उन्हें अपने श्रीचरणों में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्रदान करें और देश-दुनिया के भक्त परिवार को यह बिछोह सहने की शक्ति भी दे.
|| ओम शांति ||