CM yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत रोड कटिंग की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत अधिक से अधिक लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध करायी जाए। तटबंधों पर निर्माण कार्य को तेजी से कराया जाए जिससे की बाढ़ के समय कोई भी अप्रिय घटना ना हो। ऐसे प्राइवेट अस्पताल जो आयुष्मान जन आरोग्य योजना के तहत उपचार के भुगतान हेतु फर्जी बिल प्रस्तुत करते हैं। ऐसे अस्पतालों का लाइसेंस निरस्त किया जाए। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बड़े प्रोजेक्ट पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं, सुधार न होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए
मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर नाराजगी व्यक्त की एवं सभी डीएम को निर्देश दिए कि सभी बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए। निर्माण कार्य की प्रगति में सुधार न हो तो सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं होना चाहिए। सरकारी धन की लूट पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए। भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। सभी प्रोजेक्ट समय पर ही पूरे किये जाएं। बेवजह समय बढ़ाकर सरकारी धन की लूट खसोट पर रोक लगाई जाए।
लंबित राजस्व वादों का स्पेशल कोर्ट लगाकर निस्तारण किया जाए
मुख्यमंत्री ने मंडल में राजस्व वादों के निस्तारण की खराब प्रगति को लेकर काफी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण न होने से सरकार की छवि खराब होती है। सभी लंबित राजस्व वादो का तहसील वाइज निस्तारण कराया जाए। स्पेशल कोर्ट लगाकर लंबित वादों का निस्तारण किया जाये। वाद निस्तारण में खराब कार्य करने वाले वाले नायब तहसीलदार, तहसीलदार व उप जिलाधिकारी के विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाए।
नेपाल बॉर्डर पर शराब तस्करी पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाए
नेपाल बॉर्डर पर होने वाली शराब तस्करी पर पूर्ण रूप से लगाम लगाई जाये। कहीं भी जहरीली व मिलावट वाली शराब बिल्कुल भी नहीं बिकनी चाहिए। लगातार पेट्रोलिंग कर अवैध शराब बनाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आबकारी विभाग निरंतर कार्रवाई करता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनपद के आरटीओ कार्यालय में घूमने वाले दलालों पर पूर्ण रूप से लगाम लगाई जाए। गैर कानूनी काम करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नेपाल का कोई नागरिक छोटी-मोटी खरीदारी करता तो व्यवधान ना डालें
पुलिस विभाग से कहा कि सभी शहर के सभी ई रिक्शा चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाये। किसी भी नाबालिक को ई रिक्शा चलाने की अनुमति न दी जाए यदि कोई नाबालिक ई रिक्शा चलाता है तो कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल से हमारे सनातन संबंध है। यदि कोई नेपाल का नागरिक छोटी मोटी खरीदारी करने आता है। तो उसमे कोई भी व्यवधान ना डाला जाए परंतु बड़े स्तर पर की खरीदारी करता है। तो उस पर रोक लगाई जाये। नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालय से जुड़ी नगर पालिकाओं को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जाए। पेयजल, जल भराव एवं सीवर आदि की समस्या को दूर किया जाए। सभी जनपदों के डीआईओएस व बीएसए स्कूली शिक्षा को ठीक करें। स्कूल से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ संबंधित को दिलवाएं।