झालरापाटन के आनंद धाम मंदिर समिति के तत्वाधान में 11 दिवसीय रामकथा महोत्सव के तहत बुधवार रात मयूर नृत्य एवं ब्रज की होली का आयोजन किया गया जिसमें वृंदावन से आए कलाकारों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक कार्यक्रम की समाप्ति तक डटे रहे।
गुलाबी ठंड के बीच ब्रज के कलाकारों के कद्रदानों की कमी नहीं दिखी। मंच पर कलाकारों के पहुंचते ही लोगों ने तालियों से उनका जोरदार स्वागत किया। कलाकारों ने ब्रज वंदना के माध्यम से भगवान कृष्ण को याद किया। वंदना के दौरान सभी को ब्रज के माहौल से अवगत कराते हुए कृष्ण की लीलाओं को जीवंत बना दिया।
कलाकारों ने आयो फागणियो भजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। जिसमें सबसे आकर्षण का केंद्र मयूर नृत्य व राधा कृष्ण की होली रही। मंच पर कलाकारों के प्रदर्शन के दौरान लोग रोमांचित होते रहे। कलाकारों के मयूर नृत्य से हर कोई मंत्र मुग्ध दिखा। ब्रज की होली में फूलों की वर्षा कर रास रचा रहे राधा कृष्ण को फूलों से नहलाने के दृश्य को हर कोई अपने मोबाइल में कैद करने के लिए लालायित दिखा।