पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति विनय दौराला गन्ना समिति में क्लर्क हैं। उसे पिछले तीन साल से पति के किसी अन्य महिला के साथ अफेयर होने की जानकारी थी। महिला का कहना है कि उसने अपने टूटते घर और तीन बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए बहुत कोशिशें कीं, लेकिन पति नहीं माना। यह मामला दोनों परिवारों तक भी पहुंचा, लेकिन पति ने सभी को नजरअंदाज कर दिया और अपनी मनमानी जारी रखी।
महिला ने बताया कि डेढ़ महीने पहले जब झगड़ा बढ़ा था, तब पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर समझौता कराया था, और पति ने बदलने का भरोसा भी दिलाया था। हालांकि, उसमें कोई बदलाव नहीं आया।
पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा
महिला का आरोप है कि उसने 21 जून को अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे स्थित एक रेस्टोरेंट में पकड़ा था। इसी के बाद 23 जून को वह पति की शिकायत उसके अफसर से करने के लिए गन्ना समिति कार्यालय पहुँची थी, जहाँ यह घटना हुई।
16 साल पहले हुई थी शादी
पीड़ित महिला की शादी 2009 में हुई थी और उनके तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में पति छोटी-छोटी बातों पर उससे मारपीट करने लगा। शक होने पर उसे पता चला कि पति का ऑफिस की ही एक महिला के साथ अफेयर चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
सीओ दौराला प्रकाश चंद अग्रवाल ने बताया कि महिला की तरफ से दौराला थाने में तहरीर दी गई है, जिसमें उसने अपने पति और एक अन्य महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।