राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार मराठी भाषा के दुश्मन हैं। ये हमारे मराठी लोगों की तुलना पहलगाम में हमला करने वाले आतंकवादियों से कर रहे हैं। ये इतने गिर गए हैं, पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। क्या पहलगाम के आतंकवादी बीजेपी में शामिल हो गए हैं क्या? अब तक वे पकड़े क्यों नहीं गए? यह शर्म की बात है कि आप भारत में हिंदुओं की रक्षा नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि अगर कोई कुछ भी करके भाजपा में शामिल हो जाता है तो वह वॉशिंग पाउडर से साफ हो जाता है। उन्होंने कहा कि हम किसी भाषा का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन किसी भी भाषा को जबरन थोपना ठीक नहीं है। मैं भी हिंदी बोल रहा हूं। हमारे सांसद भी संसद में हिंदी बोलते हैं। हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन उत्तर प्रदेश में तीसरी भाषा कौन सी होगी?
उद्धव ठाकरे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की मूल भाजपा खत्म हो गई है। आज जो लोग सत्ता में हैं, उन्होंने मूल भाजपा की हत्या कर दी। कुछ बाहरी लोग आकर यहां लोगों के बीच नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।
गौरतलब हो कि भाजपा नेता आशीष शेलार ने मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा मीरा-भायंदर में मराठी नहीं बोलने पर एक व्यापारी की पिटाई करने की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से की थी। उन्होंने कहा था कि जैसे पहलगाम में आतंकियों ने नाम और धर्म पूछकर निर्दोषों पर गोलियां चलाईं, वैसे ही मुंबई में निर्दोष हिंदुओं को उनकी भाषा पूछकर पीटा जा रहा। भाजपा मराठी अस्मिता की चिंता करती है, लेकिन गैर-मराठी लोगों पर भी अन्याय नहीं सहेगी। सरकार सख्त कदम उठाएगी।