अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को जलगांव में एक कार्यक्रम में बोले हुए मंत्री और शिवसेना नेता गुलाबराव पाटिल ने कहा, महिलाओं को अपने पर्स में लिपस्टिक के साथ आत्मरक्षा के लिए रामपुरी चाकू और मिर्च पाउडर रखना चाहिए।
इस दौरान वरिष्ठ शिवसेना नेता ने महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य परिवहन (एमएसआरटीसी) की बसों के किराये में 50 फीसदी कटौती, लडकी बहिन योजना और लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा जैसी योजनाएं महिला सशक्तीकरण के लिए है।
पाटिल ने कहा, ‘‘भले ही हम महिला सशक्तीकरण की बात करें, लेकिन आज बुरी घटनाएं हो रही हैं…जब हम शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के विचारों से प्रेरित थे, तो पत्रकारों ने उनकी (बाल ठाकरे) इस बात के लिए कड़ी आलोचना की थी कि उन्होंने कहा था कि महिलाओं को पर्स में लिपस्टिक के साथ मिर्च पाउडर और रामपुरी चाकू भी रखना चाहिए।’’
शिवसेना (शिंदे गुट) नेता ने आगे कहा, ‘‘आज भी यही स्थिति है। मैं आज की महिलाओं से आत्मरक्षा के लिए ऐसी चीजें साथ रखने का अनुरोध करता हूं।’’