scriptPM मोदी के स्वदेश लौटने के बाद तय होगा नया भाजपा अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल की कमान शमीक के हाथ में | BJP president will be decided after PM Modi returns to India | Patrika News
राष्ट्रीय

PM मोदी के स्वदेश लौटने के बाद तय होगा नया भाजपा अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल की कमान शमीक के हाथ में

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 19 राज्यों में चुनाव होना चाहिए, जबकि पार्टी 22 राज्यों में चुनाव करा चुकी है। कुल 22 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष तय कर दिए। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी शर्त पूरी हो गई है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद नया भाजपा अध्यक्ष चुन लिया जाएगा।

नई दिल्लीJul 04, 2025 / 08:46 am

Pushpankar Piyush

PM modi in Siwam

पीएम नरेंद्र मोदी। (फोटो एएनआई)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के 9 जुलाई तक विदेश दौरे से वापसी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (BJP President) के चुनाव की तैयारियां परवान चढ़ेंगी। फिलहाल भाजपा ने प्रदेश संगठन के चुनाव की रफ्तार बढ़ाई है। भाजपा (BJP) ने मंगलवार तक कुल 22 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष तय कर दिए। अब पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी निर्वाचक मंडल का कोटा पूरी कर चुकी है।

22 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुने गए

भाजपा के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा के 37 संगठनात्मक प्रदेशों में से आधे से अधिक में चुनाव हो जाने चाहिए। इस प्रकार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 19 राज्यों में चुनाव होना चाहिए, जबकि पार्टी 22 राज्यों में चुनाव कर चुकी है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए जरूरी शर्त पूरी हो गई है।

संघ और भाजपा में मंथन का दौर जारी

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चेहरे के चयन के लिए संघ और भाजपा के बीच मंथन का दौर जारी है। वर्ष 2020 में अध्यक्ष बने जेपी नड्डा का तीन वर्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से उन्हें विस्तार मिला था। पहले उन्हें 2024 के लोकसभा चुनावों के कारण और फिर संगठन चुनाव में देरी के कारण आगे भी विस्तार मिला।

शमीक को मिली बंगाल की कमान

भाजपा के राज्यसभा सांसद शमीक भट्टाचार्य को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। साल्ट लेक साइंस सिटी में गुरुवार को एक समारोह के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा की गई। इस अवसर पर मौजूद नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, राहुल सिन्हा, लॉकेट चटर्जी, केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, मंगले पांडे और आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय सहित पार्टी के अन्य कई नेता और पदाधिकारियों ने भट्टाचार्य का अभिनंदन किया।

भाजपा को मजबूत करेंगे

प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद 61 वर्षीय भट्टाचार्य ने लेक काली बाड़ी मंदिर जा कर दर्शन किए और कहा कि मैं इस जिम्मेदारी और पार्टी द्वारा मुझ पर अपार विश्वास जताने से मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं के अटूट समर्थन और पश्चिम बंगाल की जनता के आशीर्वाद के साथ, भाजपा के पदचिह्नों को मजबूत करने और समृद्ध, सुरक्षित और पुनरुत्थानशील बंगाल के सामूहिक सपने को पूरा करने के लिए अथक प्रयास करेंगे। आइए हम सब मिलकर एकता, संकल्प और अटूट प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ें।

शमीक का निर्विरोध चयन

उल्लेखनीय है कि बुधवार को नामांकन दाखिल करने वाले पार्टी प्रवक्ता भट्टाचार्य ने निर्विरोध यह पद हासिल किया है। किसी अन्य का नामांकन दाखिल नहीं होने से बुधवार को ही उनका अध्यक्ष बनना तय हो गया था लेकिन पार्टी की और से इसकी औपचारिक घोषणा की जानी बाकी थी। नामांकन दाखिल करने के बाद भट्टाचार्य ने विधायक अग्निमित्रा पाल के साथ मुरलीधर सेन लेन स्थित प्रदेश मुख्यालय पहुंच कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें अग्रिम बधाई दी।

Hindi News / National News / PM मोदी के स्वदेश लौटने के बाद तय होगा नया भाजपा अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल की कमान शमीक के हाथ में

ट्रेंडिंग वीडियो