शादी से 4 दिन पहले…
नीमच के जीरन थाना इलाके के कराडिया महाराज गांव में रहने वाली प्रतिमा उर्फ टीना कंवर उम्र 20 साल ने सोमवार देर शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। 22 फरवरी को प्रतिमा की शादी थी, परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और प्रतिमा भी खुद दुल्हन बनने के लिए तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा कि प्रतिमा सोमवार शाम को मेकअप करा रही थी और इसी दौरान दूल्हे का उसके पास फोन आया था। इसके बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो प्रतिमा फांसी पर झूली हुई थी। दहेज के लिए दबाव बनाने का आरोप
प्रतिमा के पिता नाम सिंह ने बताया कि प्रतिमा की शादी 22 फरवरी को राजस्थान के धामनिया के रहने वाले लोकेन्द्र सिंह के साथ होनी थी। 22 फरवरी को ही प्रतिमा के साथ उसकी बहन की भी शादी थी। 20 फरवरी को उसके भाई की भी बारात जाने वाली थी लेकिन उससे पहले ही प्रतिमा के इस कदम से पूरे परिवार में मातम छा गया है। पिता का आरोप है कि दूल्हा लोकेन्द्र सिंह दहेज में सोने की चेन और नारियल की मांग कर रहा था। क्योंकि हमारी आर्थिक परिस्थिति ठीक नहीं है इसलिए दूल्हे की मांग से प्रतिमा परेशान थी।