scriptदिल्ली से पलायन करेंगे हिन्दू परिवार, ब्रह्मपुरी में मस्जिद निर्माण पर भड़का विवाद, जानें पूरा मामला | Hindu families will migrate from Delhi mosque construction dispute flares up in Brahmapuri police deployed | Patrika News
नई दिल्ली

दिल्ली से पलायन करेंगे हिन्दू परिवार, ब्रह्मपुरी में मस्जिद निर्माण पर भड़का विवाद, जानें पूरा मामला

Delhi Mosque Construction Dispute: उत्तर पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी में रहने वाले हिन्दू परिवारों ने अपने घरों के बाहर ‘मकान बिकाऊ है‘ के पोस्टर लगा दिए हैं। दिल्ली सरकार ने सुरक्षा व्यवस्‍था को ध्यान में रखते हुए मौके पर एहतियातन पुलिस तैनात की है।

नई दिल्लीMar 06, 2025 / 02:31 pm

Vishnu Bajpai

Delhi Mosque Construction Dispute: दिल्ली से पलायन करेंगे हिन्दू परिवार, ब्रह्मपुरी में भड़का मस्जिद निर्माण पर विवाद, जानें पूरा मामला
Delhi Mosque Construction Dispute: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी की गली नंबर-12 में रहने वाले लगभग 15 हिंदू परिवारों ने स्थानीय मुस्लिम आबादी पर परेशानी पैदा करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ है‘ के पोस्टर चिपका दिए हैं। दरअसल, ब्रह्मपुरी की गली नंबर-13 में पहले से ही एक चार मंजिला मकान में अल-मतीन मस्जिद चलाई जा रही है। मस्जिद प्रबंध समिति ने ब्रह्मपुरी की गली नंबर-12 में उसी मस्जिद के विस्तार की योजना थी। इसके तहत गली नंबर 12 में मस्जिद प्रबंध समिति ने नवंबर 2023 में मस्जिद के विस्तार के लिए निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन जब स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने इसे तुरंत रोक दिया। इसके बाद समिति ने नवंबर 2024 में दिल्ली नगर निगम (MCD) से मस्जिद निर्माण की अनुमति मांगी और काम फिर से शुरू किया। अब मस्जिद की प्रबंध समिति ‌गली नंबर 12 में मस्जिद का एक गेट खोलने का प्रस्ताव रखा था।

हिन्दू परिवारों ने क्यों जताया मस्जिद विस्तार का विरोध?

ब्रह्मपुरी की गली नंबर 12 में मस्जिद से मात्र 15 फीट की दूरी पर एक छोटा मंदिर है। ऐसे में जब हिन्दू परिवारों को इसकी जानकारी मिली तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद हिन्दू परिवारों ने मस्जिद का गेट गली नंबर 12 में खुलने का विरोध करते हुए अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ है‘ के पोस्टर लगा दिए। हिन्दू परिवारों का कहना है कि गली नंबर-12 में मस्जिद का विस्तार नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे क्षेत्र की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) बदलने की कोशिश की जा रही है। इसकी सूचना पर दिल्ली नगर निगम ने मस्जिद निर्माण पर रोक लगा दी। इसके साथ ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ताकि साल 2020 हुए सांप्रदायिक दंगे जैसी स्थिति न बने।
Delhi Mosque Construction Dispute: दिल्ली से पलायन करेंगे हिन्दू परिवार, ब्रह्मपुरी में भड़का मस्जिद निर्माण पर विवाद, जानें पूरा मामला

हिन्दू पक्ष ने लगाया MCD को गुमराह करने का आरोप

दिल्ली के ब्रह्मपुरी की गली नंबर 12 में रहने वाले हिंदू पक्ष से शिकायतकर्ता पंडित शंकर लाल का आरोप है कि मस्जिद का पूरा निर्माण अवैध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि MCD को गुमराह कर गलत जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर नक्शा पास कराया गया। इस विवाद में स्थानीय बीजेपी पार्षद भी कूद पड़े हैं। उनका कहना है कि मस्जिद निर्माण के जरिए हिंदुओं को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है और यह इलाके में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें

अरविंद केजरीवाल और आतिशी से छिन जाएगी जेड प्लस सुरक्षा? दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को लिखा पत्र

इलाके में तनाव, 25-30 मकानों पर बिकाऊ के पोस्टर

इसके अलावा ब्रह्मपुरी की गली नंबर 12 में रहने वाले हिन्दू परिवारों ने अल-मतीन सोसाइटी के मस्जिद विस्तार को लेकर किए जा रहे निर्माण के विरोध में 25-30 मकानों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के नोटिस लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि गली नंबर-12 में करीब 60 हिंदू परिवार रहते हैं। जहां मस्जिद का गेट खोलने की योजना है। वहां से 15 फीट की दूरी पर शिव मंदिर स्थित है। लोगों को आशंका है कि जब दोनों समुदायों के धार्मिक स्थल आमने-सामने होंगे तो भविष्य में तनाव की स्थिति बन सकती है।

मस्जिद विस्तार पर हिंदू और मुस्लिम पक्ष की राय

ब्रह्मपुरी के गली नंबर 12 में रह रहे हिंदू परिवारों का आरोप है कि मस्जिद निर्माण के बहाने ब्रह्मपुरी में माहौल बदलने की साजिश की जा रही है। जिससे हिंदू परिवारों को पलायन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। दूसरी ओर मुस्लिम समुदाय का कहना है कि मस्जिद को लेकर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनका तर्क है कि आबादी के हिसाब से मौजूदा मस्जिद छोटी पड़ रही थी। इसलिए 75-75 गज के दो प्लॉट दान में मिलने के बाद विस्तार का काम शुरू किया गया। एमसीडी के एक अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि उन्होंने मस्जिद समिति को काम रोकने के लिए नोटिस जारी किया है।

दिल्ली नगर निगम ने मस्जिद निर्माण को बताया अवैध

नगर निगम अधिकारी ने कहा “निर्माण वैध नहीं है, क्योंकि अनुमति/स्वीकृति योजना ‘सरल योजना’ के तहत तथ्यों को छिपाकर और गलत जानकारी देकर प्राप्त की गई थी। कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और प्रस्तुत उत्तर तथा रिकॉर्ड में मौजूद अन्य तथ्यों के आधार पर अनुमति/स्वीकृति योजना को रद्द कर दिया गया है। साथ ही अल-मतीन सोसाइटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।” वहीं दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि 13 फरवरी को एक शिकायत मिली थी कि मौजूदा मस्जिद के बगल में अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा है। डीसीपी (उत्तर पूर्व) आशीष कुमार मिश्रा ने कहा, “अल-मत-एन मस्जिद का निर्माण 2013 में लेन नंबर 13, न्यू उस्मानपुर में किया गया था। 2023 में मस्जिद के ट्रस्टियों ने लेन नंबर 12 में बगल का प्लॉट खरीदा और विस्तार का काम शुरू किया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

दिल्ली में 2020 के दंगों के बाद भी हुआ था पलायन

स्थानीय लोगों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि साल 2020 में हुए दंगों के बाद क्षेत्र से बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग मकान बेचकर इलाका छोड़ चुके हैं। हिन्दू परिवारों का आरोप है कि यह मस्जिद विस्तार एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। जिससे हिंदू समुदाय पर दबाव बनाकर उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया जा सके। स्‍थानीय लोगों की मानें तो पिछले कुछ सालों में ब्रह्मपुरी इलाके की जनसांख्यिकी संरचना तेजी से बदली है। इसके चलते हिन्दू समुदाय के लोग अपनी संपत्तियां बेच रहे हैं। इन संपत्तियों को मुस्लिम समुदाय के लोग खरीद रहे हैं।

मस्जिद निर्माण को लेकर स्‍थानीय लोगों ने क्या कहा?

ब्रह्मपुरी की गली नंबर 12 में मस्जिद का गेट खोलने का विवाद गहरा गया है। इसको लेकर गली नंबर-13 में मस्जिद के बगल में रहने वाले 86 साल हाजी अब्दुल कादिर कहते हैं “बीते कुछ सालों से यहां रहने वाले हिन्दू और मुसलमानों के बीच दुख और उदासी है। बीते एक दशक में चीजें तेजी से बदली हैं। दोनों समुदायों के बीच कड़वाहट तेजी से बढ़ रही है। यह सब कुछ राजनेताओं की वजह से है, जो वोटों का ध्रुवीकरण करने और चुनाव जीतने के लिए हमें बांटते हैं।”
यह भी पढ़ें

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला; दर्जनों कॉलोनियों के बहुरेंगे दिन, NHAI को सौंपा NH-10 का हिस्सा

वहीं गली नंबर 12 में रहने वाले 40 साल प्रवीण शर्मा ने अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर लगाया है। प्रवीण शर्मा ने कहा “मेरा इलाके को खाली करने का निर्णय कई समस्याओं से प्रेरित है। इसमें पिछले कई सालों से क्षेत्र में बढ़ रही मुस्लिम आबादी भी एक समस्या है।” वहीं 48 साल के शंकर लाल गौतम ने कहा “हम लोगों की समस्या पिछले दो सालों में तब और बढ़ गई। जब मस्जिद के पीछे एक हिंदू परिवार की 150 वर्ग गज जमीन छह मुस्लिम खरीदारों को बेच दी गई। उन्होंने वह जमीन मस्जिद को दान में दे दी। इसके बाद ही इस विवाद का जन्म हुआ है।”

Hindi News / New Delhi / दिल्ली से पलायन करेंगे हिन्दू परिवार, ब्रह्मपुरी में मस्जिद निर्माण पर भड़का विवाद, जानें पूरा मामला

ट्रेंडिंग वीडियो