scriptयूक्रेन के संसाधनों पर अधिकार चाहता अमरीका | Patrika News
समाचार

यूक्रेन के संसाधनों पर अधिकार चाहता अमरीका

यूक्रेन के लिए अमरीका के रुख पर पाठकों ने रखे अपने विचार

जयपुरMar 03, 2025 / 05:35 pm

Neeru Yadav

Donald Trump and volodymyr zelenskyy meeting in US on Russia Ukraine war

Donald Trump and Zelenskyy

इस युद्ध की पृष्ठभूमि को देखा जाए तो कहीं ना कहीं अमरीका का हस्तक्षेप नजर आता है। विश्व पटल पर बहुध्रुवीय व्यवस्था के उदय के पश्चात अमरीका रूस की ताकत को कम करना चाहता है। इसके लिए उसने यूक्रेन का उपयोग किया है, गत तीन वर्षों से अरबों डॉलर की वित्तीय सहायता, गोला बारूद, हथियारों की सहायता की, जो इस युद्ध को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार थे। लेकिन जैसे जैसे अमरीका की राजनीति में बदलाव हुए है वहां नीतियों पर उसके प्रभाव स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रहे है। अब अमरीका यूक्रेन की सहायता करने की बजाय जो पूर्व में की है उसका प्रतिफल मांग रहा है। अमरीका चाहता है कि उसने जितना धन या अन्य सहायता दी है उनको यूक्रेन चुकाए, उसके लिए वह उनके संसाधनों पर अपना अधिकार चाहता है। जो कि किसी भी स्वतंत्र देश की संप्रभुता के लिए खतरा है। ये कदम अन्य महाशक्तियों के लिए भी उकसावे का काम कर सकता है। अमरीका को यूक्रेन और रूस को एक मंच पर लाकर इस युद्ध को रुकवाना चाहिए। अमरीका को यूक्रेन के विकास में सहयोग देना चाहिए न कि उसके संसाधनों के अतिदोहन की मंशा रखनी चाहिए। अमरीका को संयम और समझदारी दिखाते हुए मानवता को बचाने के प्रयास करने चाहिए। – गजेंद्र चौहान, डीग
अर्थव्यवस्था फिर खड़ी करने में मदद करे
निजी क्षेत्र में यूक्रेन को अमरीका की तरफ से मदद दी जानी चाहिए, जिसे कि वह वापस खड़ा हो सके। वह अन्य देशों की तरह अपनी अर्थव्यवस्था सही कर सके वहां के लोग बिजनेस वापस से कर सके व अन्य देशों से संपर्क कर सकें। अमरीका को यूक्रेन को आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए। – मुकेश सोनी, जयपुर
कठपुतली की तरह इस्तेमाल करता
अमरीका सिर्फ दुनिया के कमजोर देशों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का सामना करने वाले देशों को कठपुतली की तरह इस्तेमाल करता है। यहां भी वह कीमती खनिजों को जब्त करना चाहता है। दूसरी ओर ऐसा लगता है कि ट्रंप में दुनिया को रचनात्मक क्रम में ले जाने का स्वभाव नहीं है। – हरेन्द्र शर्मा, जयपुर
वर्चस्व की भावना अमरीकी डीएनए में
यूक्रेन को लेकर अमरीकी रुख को देखकर यही आभास हो रहा है कि अमरीका के डीएनए में जो वर्चस्व की भावना है व सामने वाले देश को दास मानने की मानसिकता है वह कहीं ना कहीं रेखांकित हो रही है। अमरीका की गिद्ध नजर यूक्रेन की खनिज खदानों पर है। वह उन पर अपना एकाधिकार स्थापित करना चाहता है। यह सर्व विदित है कि अमरीका अपने हित साधता है। – संध्या रामकृष्ण बायवार, इंदौर
बड़े देशों की लड़ाई में फंसा यूक्रेन
यूक्रेन रूस युद्ध में अमरीका का पाला बदलने का खेल साफ दिखाई दे रहा है.। हम बचपन मे सुनी दो बिल्लियों और बंदर की उस कहानी को चरितार्थ होते देख रहे है जिसमें बंदर रोटी को बराबर बांटकर बिल्लियो के झगड़े को सुलझाने के बहाने रोटी को हड़प जाता है, वही आज अमरीका यूक्रेन के साथ कर रहा है। उसकी नजर यूक्रेन की खनिज सम्पदा पर है और वह उसे यूक्रेन से हर हाल में लेना चाहेगा। यूक्रेन दो बड़े देशों की लड़ाई में बुरी तरह फंस चुका है। अमरीका और यूरोप दोनों उसको इस्तेमाल कर रहे हैं। – जयश्री वैष्णव, उदयपुर

Hindi News / News Bulletin / यूक्रेन के संसाधनों पर अधिकार चाहता अमरीका

ट्रेंडिंग वीडियो