दरअसल, युवक का थानेदार की कुर्सी पर बैठने का ‘स्टाइल’ दिखाते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर सवाल उठने लगे थे। यह पूरा वाक्या बिहार के बेगूसराय का है। वीडियो में युवक थाने के चेंबर में कुर्सी पर बैठता दिखता है,वो थानाध्यक्ष के टेबल पर पैर रखता है और सिर पर गमछा व माथे पर मराठा बांधकर ‘भोजपुरी अंदाज’ में रील बनाता है। वीडियो भोजपुरी फिल्म के ऑडिशन जैसा दिख रहा है। युवक का यह स्टाइल उसपर भारी पड़ गया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर बनाई रील
थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर बनाया गया वीडियो के वायरल होते ही पुलिस एक्शन में आई और आरोपी युवक समेत तीन युवकों को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि बेगूसराय जिला के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव निवासी अरविंद कुमार महतो का बेटा अभिषेक बराबर थाना आया करता था। दो दिन पहले भी वह थाना में आया और थानाध्यक्ष के नहीं रहने पर उनके ऑफिस में जाकर मनचाहे तरीके से शॉर्ट वीडियो बना लिया। पुलिस का कहना है कि युवक अक्सर आपत्तिजनक तरीके वीडियो-फोटो शूट करवाते रहता है। कुछ दिन पहले उसने पिस्टल के साथ भी फोटो सोशल मीडिया पर लगाया था।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने छापेमारी कर अभिषेक कुमार और दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को अभिषेक के पास से एक पिस्तौल और कुछ कारतूस भी मिले हैं। इस संबंध में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजीव रंजन का कहना है कि अभिषेक कुमार को दो दोस्तों के साथ उसके गांव चौकी से एक हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।