scriptभीषण गर्मी में रेल यात्रियों का हलक तर कर रहे स्काउट व रोवर-रेंजर | Patrika News
सिरोही

भीषण गर्मी में रेल यात्रियों का हलक तर कर रहे स्काउट व रोवर-रेंजर

भीषण गर्मी में भी नहीं डगमगाया समाज सेवा का जज्बा

सिरोहीMay 30, 2025 / 04:13 pm

MAHENDRA SINGH VAGHELA

स्वरूपगंज. भीषण गर्मी में समाज सेवा करते स्काउट्स व रोवर-रेंजर।

स्वरूपगंज. भीषण गर्मी में समाज सेवा करते स्काउट्स व रोवर-रेंजर।

स्वरूपगंज. सेवा का दूसरा नाम है स्काउट। इसी को इन दिनों चरितार्थ कर रहे राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड एवं श्री गणेश युवा सेवा संगठन के छात्र, जो भीषण गर्मी में रेल यात्रियों के हलक तर कर अनुकरणीय कार्य कर यात्रियों की शुभाशीष ले रहे हैं। उनके साथ कुछ सेवानिवृत कर्मचारी भी जुड़े हैं।
भीषण गर्मी में भी ये छात्र ना केवल प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को पानी पिला रहे हैं, बल्कि ट्रेन के प्रत्येक डिब्बे में ठंडे पानी के केन लेकर पहुंच रहे हैं और यात्रियों को ठंडा पानी पिलाकर राहत पहुंचा रहे हैं। स्काउट गाइड की जलसेवा से यात्रियों को ठंडा पानी अपने कोच में ही मिल रहा है। जिससे ना तो यात्रियों को ठंडे पानी के लिए स्टेशन पर भटकना पड़ रहा है और ना ही पानी भरने के चक्कर में ट्रेन छूटने का डर।

आठ से नौ घंटे दे रहे सेवाएं

स्थानीय स्काउट गाइड के छात्र रेलवे स्टेशन पर करीब 8 से 9 घंटे बिताकर सेवाकार्य में जुटे हैं। चिलचिलाती धूप में भी करीब 35 छात्रों का दल स्टेशन के अलग हिस्सों में ठंडे पानी के कैन लेकर यात्रियों को ठंडा पानी पिलाते हैं। छात्र सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक पानी पिलाने का कार्य करते हैं।

यह दे रहे हैं सेवाएं

इस सेवा में आर पी/पूर्व सचिव मोहनलाल परमार, सचिव प्रतापराम प्रजापत, पूर्व संयुक्त सचिव शांति देवी, रामलाल पटेल सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक, स्काउटर रणजीत जीनगर, रोवर जितेंद्र बासफोड़, दीपक कलावत, मुकेश बंजारा गोपाल बासफोड़, हेमंत बासफोड़, अविनाश, आकाश सिंधी, शंकर, दिव्यांश गर्ग, उमेद, उदय, तन्मय, कल्पेश परमार, मयंक अग्रवाल, मो. अली, श्रवण, रियान, गणेश, अर्जुन पटेल, कालूराम, आयन, प्रेम बंजारा, प्रवीण बंजारा, रणवीर बंजारा, रघु बंजारा, अनिल सिन्दल, रामलाल, अर्जुन, रेंजर कुमुद चौहान, वर्षा वैष्णव, अंजलि पटेल, गायत्री प्रजापत, हिना, मुस्कान गुजर, भूमि गुजर, महेंद्र चौधरी, कब शिवराज सिंह परमार, बुलबुल कृतिका परमार, हिमांशी गोयल सुबह से शाम तक सेवाएं दे रहे हैं।

प्रतिदिन 2000 लीटर से ज्यादा पिला रहे ठंडा पानी

स्काउट गाइड के छात्र जलसेवा के तहत प्रतिदिन रेल यात्रियों को करीब 2000 लीटर से ज्यादा ठंडा पानी पिला रहे हैं। स्काउट गाइड के इस जलसेवा से हर तरफ तारीफ हो रही है और स्काउट गाइड की सेवा को सलाम कर रहे हैं।

मानव सेवा सबसे बड़ा सेवा कार्य

गर्मी के दिनों में प्यास अधिक लगती है और पेयजल की समस्या भी रहती है। ऐसे में लोगों की सेवा उनके हलक तर कर की जा सकती है। ऐसे में स्काउट के छात्र यात्रियों को ठंडा पानी पिला कर सेवा का कार्य कर रहे हैं, जो सबसे बड़ी सेवा हैं। स्काउट व गाइड की ओर से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठंडा जल पिलाने के लिए लगाए शिविर की हर कोई तारीफ कर रहा है। रेलवे स्टेशन पर ठंडा पानी पीने वाले यात्री भी स्काउट छात्रों को दुआएं देते नजर आते हैं।

Hindi News / Sirohi / भीषण गर्मी में रेल यात्रियों का हलक तर कर रहे स्काउट व रोवर-रेंजर

ट्रेंडिंग वीडियो