उत्तराखंड में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आशीष कुमार ने एकल तीरंदाजी में भाग लिया, जबकि सुलोचना राज ने टीम इवेंट में हिस्सा लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि यह पहला अवसर है जब कोटा महाविद्यालय की किसी छात्रा ने लगातार तीन बड़ी प्रतिस्पर्धाओं में चयन के साथ पदक भी हासिल किया है।
सुलोचना ने इससे पहले अखिल भारतीय खेल 2024 (केआईआईटी विश्वविद्यालय, ओडिशा) में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद सीनियर नेशनल गेम्स 2024 (टाटा, जमशेदपुर) में रजत पदक अपने नाम किया था।
38th National Games 2025: शिवतराई तीरंदाजी मैदान में प्रैक्टिस
छात्रा सुलोचना राज और आशीष कुमार बचपन से ही शिवतराई, कोटा स्थित
तीरंदाजी मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। उनके कोच इतवारी राज के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ी वर्षों से कठिन परिश्रम कर रहे हैं। कोटा महाविद्यालय से पूर्व में भी कई प्रतिभाशाली छात्र चयनित होते रहे हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नाज बेंजामिन ने सुलोचना राज को कांस्य पदक जीतने पर कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके माता-पिता और महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है, बल्कि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुलोचना की मेहनत भविष्य में और भी उत्कृष्ट परिणाम देगी और वह अपनी मंजिल अवश्य प्राप्त करेंगी।