scriptहरपालपुर में प्रशासन की संयुक्त टीम का छापा, अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी गई | Patrika News
छतरपुर

हरपालपुर में प्रशासन की संयुक्त टीम का छापा, अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी गई

गुटखा फैक्ट्री में “किस्मत” और “पुजारी” ब्रांड के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने बताया कि यह गुटखा पूरी तरह से अवैध था और इसके निर्माण के लिए नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।

छतरपुरMar 09, 2025 / 10:47 am

Dharmendra Singh

gutakha

अवैध गुटखा फैक्ट्री

शनिवार को हरपालपुर के वार्ड नंबर 12, गलान रोड स्थित एक घर में प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की और अवैध गुटखा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। नायब तहसीलदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और पुलिस की टीम ने एक किराए के घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध गुटखा, कच्चा माल और मशीनें जब्त कीं। पत्रिका ने नौगांव व हरपालपुर इलाके में अवैध गुटखा निर्माण की खबर 6 मार्च को प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसे संज्ञान में लेकर कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर प्रशासन की टीम ने नौगांव में छापेमारी कर 19 लाख और हरपालपुर से 2 लाख कीमत की अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी है।

95 किलोग्राम तैयार गुटखा


इस छापेमारी में पुलिस टीम ने 95 किलोग्राम तैयार गुटखा, 11 बोरा कच्चा माल और गुटखा बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही 4 मशीनों को जब्त किया। गुटखा फैक्ट्री में “किस्मत” और “पुजारी” ब्रांड के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने बताया कि यह गुटखा पूरी तरह से अवैध था और इसके निर्माण के लिए नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।

घर में यह अवैध गुटखा फैक्ट्री

प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी में पता चला कि जिस घर में यह अवैध गुटखा फैक्ट्री चल रही थी, वह इरशाद अली के नाम पर था, जबकि किराया नामा दुर्गेश अनुरागी के नाम से था। अधिकारियों ने बताया कि अब दुर्गेश अनुरागी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी में नायब तहसीलदार पूजा भोरहरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन और टीआई पुष्पक शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टीम के साथ मिलकर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।

स्वास्थ्य के लिए हानिकारक

अधिकारियों ने बताया कि अवैध गुटखा बनाने वाली फैक्ट्रियां समाज के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं, क्योंकि इनमें मिलाए जाने वाले केमिकल और अन्य घटक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं। उन्होंने कहा कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और जो भी लोग इसमें शामिल होंगे, उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी।

Hindi News / Chhatarpur / हरपालपुर में प्रशासन की संयुक्त टीम का छापा, अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी गई

ट्रेंडिंग वीडियो