Dhamtari Nikay Chunav 2025: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वार्ड क्रमांक-18 के भाजपा प्रत्याशी अखिलेश सोनकर जैसे ही बाहर आए समर्थकों ने उन्हें गोद में उठा लिया। महिमा सागर वार्ड के कांग्रेस प्रत्याशी दीपक सोनकर बाहर आए तो जमकर नारे लगे। शहर के कई वार्डों में बेहद कम वोटों से जीत हार का फैसला हुआ।
रिसाईपारा पश्चिम वार्ड में कांग्रेस के योगेशलाल को सिर्फ 1 वोट से जीत मिली। यहां 2 प्रत्याशी थे। भाजपा से सुभाष चंद्राकर को 299 और कांग्रेस के बागी पवन लिखी को 357 वोट मिले। योगेशलाल को 358 वोट मिले। इस तरह सिर्फ 1 वोट से निर्दलीय पवन लिखी को हार का सामना करना पड़ा। यहां नोटा को 10 वोट मिले हैं।
इसी तरह हटकेशर वार्ड से कांग्रेस के सूरज गहरवाल मात्र 3 वोट से जीते। यहां भाजपा के संतोष मड़ामे को 340 वोट मिले थे। 32 ने नोटा दबाया था। दानीटोला वार्ड में भाजपा के अज्जू देशलहरे 23 वोट से जीते। कांग्रेस के अजय डहरिया को 332 वोट मिले। श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड से निर्दलीय कुशल लोंढ़ा 36 वोट से जीते। यहां कांग्रेस के कोई प्रत्याशी नहीं थे। भाजपा के पवन कुमार पटेल को 415 वोट मिले। इधर गोकुलपुर वार्ड के गजेन्द्र कंवर सर्वाधिक 856 वोट से जीते।
पर्ची फेंककर देते रहे अपडेट, एक बार भी नहीं हुआ अनाउंसमेंट
धमतरी के स्ट्रांग रूम के छत से इस तरह प्रत्याशी, अभिकर्ता नीचे खड़े समर्थकों को पर्ची फेंककर वोटों का रूझान देते रहे। वोटों की गिनती के लिए पीजी कालेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया था। प्रशासन द्वारा ८ लाउड स्पीकर लगाए गए थे, लेकिन गणना खत्म होते तक सभी लाउड स्पीकर सफेद हाथी साबित हुए। एक बार भी लाउड स्पीकर से रूझान की भी जानकारी नहीं दी गई।
ऐसे में स्ट्रांग रूम बिल्डिंग के नीचे खड़े समर्थकों को गणना स्थल से प्रत्याशी व अभिकर्ता पर्ची बनाकर वोटों का रूझान दे रहे थे। यहीं नहीं मीडिया हाल में भी उद्घोषणा के लिए चेयर-माइक लगे थे। यहां से भी एक बार भी वोटों की जानकारी नहीं दी गई। इसे लेकर प्रशासन के प्रति लोगों का आक्रोश देखा गया। व्यवस्था को लेकर नाराजगी दिखी।
Hindi News / Dhamtari / Dhamtari Nikay Chunav 2025: सिर्फ 3 वोट से कांग्रेस के सूरज गहरवाल जीते, मनाया जीत का जश्न