उत्तर प्रदेश के इटावा में शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों की सूची जरूर बना लेना। सरकार बनने पर सबसे पहले इन अधिकारियों का हिसाब होगा। इन अधिकारियों के नाम नोट करके रिपोर्ट भेजते रहना। वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल हो गई है। समाज के कमजोर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। सपा पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।
सरकार मृतकों के सही आंकड़े नहीं दे रही
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव के लिए कहा था कि उनका दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। जबकि वास्तविकता यह है कि खुद उनका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री की भी कोई बात नहीं मानी जा रही है। सभी मंत्री परेशान है। कुंभ मेले में स्नान करने वालों की संख्या तो गिनी जा रही है। लेकिन हजारों लोग जो मरे हैं। उनके सही आंकड़े और गिनती सरकार के पास नहीं है और ना ही वह बताना चाहते हैं। 2027 में सपा सरकार बनने पर जांच कराई जाएगी और जनता को बताया जाएगा कि कितने लोग कुंभ में मारे गए थे। शिवपाल सिंह यादव अपने विधानसभा क्षेत्र जसवंत नगर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।