Rajasthan Assembly: राजस्थान में भाजपा (BJP) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के गठबंधन में खटास बढ़ती नजर आ रही है। विधानसभा में RLD विधायक और पूर्व मंत्री सुभाष गर्ग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। केन्द्र में BJP की सहयोगी पार्टी RLD के विधायक पर यह कार्रवाई गठबंधन में बढ़ते तनाव को दिखाती है। इस मामले में कांग्रेस ने भी बीजेपी पर निशाना साधा और सदन में हंगामा किया।
दरअसल, भरतपुर से RLD विधायक सुभाष गर्ग ने 24 फरवरी को राजस्थान विधानसभा में लोहागढ़ किले के रहवासियों को प्रशासन द्वारा नोटिस भेजने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए नोटिस से हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया है। सरकार को इस मामले में दखल देना चाहिए ताकि लोगों को बेवजह परेशान न किया जाए।
सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगा
इस पर भाजपा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सुभाष गर्ग पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुभाष गर्ग ने भ्रामक जानकारी देकर विधानसभा का समय बर्बाद किया। सरकार की छवि खराब करने की साजिश रची गई। यह मामला विशेषाधिकार हनन का बनता है, इसलिए इसके खिलाफ प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंजूरी देते हुए विशेषाधिकार समिति को सौंप दिया।
BJP-RLD गठबंधन में बढ़ सकता है विवाद
आपको बता दें, यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्यसभा सांसद और केन्द्र में मंत्री जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) केंद्र में मोदी सरकार का हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में जयंत चौधरी RLD की ओर से कैबिनेट मंत्री हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, BJP अपने सहयोगी दल RLD पर दबाव बना रही है। RLD के अंदर यह सवाल उठ सकता है कि BJP अपने ही गठबंधन सहयोगियों को निशाना क्यों बना रही है? अगर RLD खुलकर विरोध करती है, तो यह गठबंधन में गहरे मतभेद का संकेत हो सकता है।
फिलहाल RLD ने इस मुद्दे पर आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन अगर RLD सुभाष गर्ग के समर्थन में खुलकर सामने आती है, तो यह गठबंधन में बड़ी दरार का संकेत हो सकता है। अगर RLD ने भाजपा के साथ तालमेल बनाए रखा, तो यह सुभाष गर्ग के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।
यहां देखें वीडियो-
कांग्रेस ने सदन में किया जमकर हंगामा
बीजेपी सरकार द्वारा सुभाष गर्ग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसका कड़ा विरोध किया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि अगर विधायक अपने क्षेत्र की जनता की समस्याएं नहीं उठा सकते, तो यह लोकतंत्र की हत्या होगी। कांग्रेस ने सदन में हंगामा किया और वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस विधायकों का आरोप था कि BJP लोकतांत्रिक परंपराओं का उल्लंघन कर रही है और विपक्ष की आवाज दबा रही है।