scriptरामदेवरा: यात्रियों की आवक नही होने से व्यापारी मायूस, एक सप्ताह से बाजार में वीरानी | Patrika News
जैसलमेर

रामदेवरा: यात्रियों की आवक नही होने से व्यापारी मायूस, एक सप्ताह से बाजार में वीरानी

करीब एक पखवाड़े बाद भी क्षेत्र के बाजार में रौनक देखने को नही मिल रही है। जानकारी के अनुसार लोक देवता बाबा रामदेव की नगरी रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु पूरे साल आते है।

जैसलमेरMay 21, 2025 / 08:48 pm

Deepak Vyas

करीब एक पखवाड़े बाद भी क्षेत्र के बाजार में रौनक देखने को नही मिल रही है। जानकारी के अनुसार लोक देवता बाबा रामदेव की नगरी रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु पूरे साल आते है। साल में कई छोटे मेलों के साथ एक माह का अंतरप्रांतीय बाबा रामदेव मेला भी लगता हैं। रामदेवरा की सभी व्यापारिक गतिविधियां यात्रियों की आवक पर ही निर्भर हैं। ऐसे में पिछले एक पखवाड़े से यात्रियों की आवक बिलकुल ही कम होने से सभी व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई है। व्यापारी दिन भर में बोहनी तक को तरस जाते हैं।

दुकानें खुलीं पर चहल-पहल नहीं

सीजफायर के बाद दुकानें खुली हैं, लेकिन खरीदारों की चहल-पहल नहीं है। रामदेवरा के मुख्य बाजार ,मंदिर रोड, चाचा चौक, मेला चौक, ग्राम पंचायत के पास, वीआइपी रोड आदि जगहों पर स्थित सभी दुकानें खुली हुई है। हर दुकान पर ग्राहकों का इंतजार रहता है। यात्रियों के बिना सभी व्यापार ठप पड़े है और दुकानों के बाहर सन्नाटा पसरा रहता है।

होटल और धर्मशालाएं खाली

रामदेवरा में छोटी बड़ी होटल और धर्मशालाओ की कुल संख्या करीब 500 के पास हैं। यात्रियों की भारी आवक के दौरान इनमे हाउस फुल की स्थिति रहती थी, लेकिन अब यात्रियों की आवक नही होने से सभी जगह सन्नाटा पसरा हुआ है। संचालकों के सामने कर्मचारियों का वेतन और लाइट बिजली के साथ दैनिक खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है।

जेठ मास की बीज से उम्मीद

स्थानीय व्यापारी और अन्य लोगो में अब एक सप्ताह बाद आने वाले शुक्ल पक्ष की दितीया से काफी उम्मीद हैं, जिससे सभी व्यापार को गति मिल सके और छाई मंदी से राहत मिल सकें। व्यापारियों का कहना है कि शुक्ल पक्ष में देश भर से यात्रियों के बाबा रामदेव समाधि दर्शन के दौरान रामदेवरा आगमन होगा। क्षेत्र में चहल पहल के साथ व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सकेगी।

व्यापारिक गतिविधियां मंद

रामदेवरा की सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर यात्रियों की आवक होने पर सभी व्यापार अच्छे चलते हैं। वर्तमान में रामदेवरा आने वाले यात्रियों की संख्या बहुत कम हैं। जिससे व्यापारिक गतिविधियां मंद हो गई है।
  • मनोज कुमार छगाणी, व्यापारी,रामदेवरा
    रामदेवरा में सभी व्यापार यात्रियों की आवक पर ही निर्भर है। गत एक सप्ताह से दुकानें खुली है, लेकिन यात्रियों के नही आने से व्यापार मंदा पड़ा है। आने वाली बीज से सभी व्यापार अच्छे चलने की उम्मीद सभी व्यापारियों को है।
  • आसूसिंह तंवर,अध्यक्ष, व्यापार संघ,रामदेवरा

फैक्ट फाइल –

15 दिन से यात्री आवक है कम
500 के करीब है होटल और धर्मशाला
500 के करीब है विभिन्न दुकानें
50 से 60 लाख यात्री आते है सालभर में

Hindi News / Jaisalmer / रामदेवरा: यात्रियों की आवक नही होने से व्यापारी मायूस, एक सप्ताह से बाजार में वीरानी

ट्रेंडिंग वीडियो