scriptचार दिनी मरु महोत्सव की धूम 9 से, बिखरेंगे संस्कृति के विविध रंग | Patrika News
जैसलमेर

चार दिनी मरु महोत्सव की धूम 9 से, बिखरेंगे संस्कृति के विविध रंग

अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मरु महोत्सव-2025 का आयोजन 9 से 12 फरवरी तक आयोजित होगा। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

जैसलमेरFeb 03, 2025 / 08:20 pm

Deepak Vyas

jsm
अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मरु महोत्सव-2025 का आयोजन 9 से 12 फरवरी तक आयोजित होगा। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। इसके अंतर्गत लोक कलाकारों के साथ सूफी सिंगर ज्योति नुुरान, काका, कबीर कैफे और कुटले खां आकर्षण के मुख्य केन्द्र होंगे। जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि जैसलमेर, सम व पोकरण में होने वाले चार दिवसीय मरु महोत्सव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर युद्व स्तर पर तैयारियां की जा रही है और इसे यादगार बनाने के बेहतर प्रबंध किये जा रहे हैं।

चार दिनों में ये होंगे कार्यक्रम

  • सहायक निदेशक पर्यटक स्वागत केन्द्र कमलेश्वर सिंह ने बताया कि परमाणु नगरी पोकरण में 9 फरवरी को प्रात: 9 बजे सालमसागर तालाब पर स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में आरती की जाएगी एवं पोकरण फोर्ट से शोभायात्रा का आयोजन होगा। शोभायात्रा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचेगी।
  • यहां पर प्रात: 11 बजे महोत्सव का उद्घाटन होगा एवं इसके बाद मिस पोकरण, मिस्टर पोकरण जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। बाद में रस्साकसी, कुश्ती, म्यूजिकल चेयर व पोट रेस की प्रतियोगिताएं होगी। शाम को लोक संस्कृति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं हरियाणवी गायक मनीषा शर्मा और डी नवीन प्रस्तुतियां देंगे।
  • 10 फरवरी को प्रात: सोनार दुर्ग स्थित भगवान लक्ष्मीनाथजी के मंदिर में सुबह आरती की जाएगी। प्रात: 9 बजे गड़ीसर सरोवर से रंगारंग शोभायात्रा का आयोजन होगा।
  • शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में मरु महोत्सव का आगाज होगा एवं यहां पर मरुश्री एवं मिस मूमल, मिसेज जैसलमेर के साथ मूमल-महेन्द्र, साफा बांधो एवं मूंछ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्टेडियम में आर्ट एण्ड क्राफ्ट मेले का आयोजन होगा। इस दिन सायं पूनम स्टेडियम में राजस्थानी लोक संगीत की महफिल जमेगी। जिसमें स्थानीय ख्यातनाम लोक कलाकार हसन खां व कुटले खां अपनी कला का जौहर दिखाएंगे और बाद में मशहूर सूफी सिंगर ज्योति नुुरान प्रस्तुतियां देंगे।
  • तीसरे दिन 11 तारीख को इसी दिन प्रात: 7.30 बजे गड़ीसर पर राजस्थानी लोक संगीत के साथ योगा का आयोजन होगा। सुबह 9.30 बजे से स्थानीय देदानसर मैदान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ रेगिस्तानी जहाज ऊंट के कई रोचक कार्यक्रम होंगे। आकर्षण का केन्द्र सीमा सुरक्षा बल का कैमल टैंटू शो होगा। ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के साथ रस्साकसी, पोट रेस, जिमनाष्टिक शो का आयोजन होगा। ऊंट श्रृंगार एवं शान ए मरुधरा प्रतियोगिताएं होगी। कैमल पोलो मैच व सायं 4.30 बजे हेरिटेज वॉक का आयोजन होगा।
  • शाम को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में अन्नू द्वारा घुटना चकरी नृत्य पेश किया जाएगा। पंजाबी सिंगर काका अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
  • महोत्सव के अंतिम दिवस 12 तारीख को सम के पास स्थित लखमणा के धोरों पर माघ पूर्णिमा की धवल चांदनी के तले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार तगाराम भील अलगौंजा वादन पेश करेंगे। ख्यातनाम कलाकार भूंगर खां का सिंफनी कार्यक्रम होगा। मशहूर कबीर कैफे बैण्ड भी प्रस्तुतियां देंगे। इससे पूर्व लखमणा के रेतीले धोरों पर कैमल रेस होगी।
  • प्रात: 9 से दोपहर 1 बजे तक पालीवालों के परित्यक्त ऐतिहासिक कुलधरा व खाभा में मांडणा आर्ट का आयोजन होगा एवं प्रात: 11 बजे लाणेला में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। 10 से 12 फरवरी तक खुहड़ी में भी कैमल राइडिंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

Hindi News / Jaisalmer / चार दिनी मरु महोत्सव की धूम 9 से, बिखरेंगे संस्कृति के विविध रंग

ट्रेंडिंग वीडियो