पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लसुडिय़ा निवासी शंभू सिंह (28) वीडियोग्राफी का कार्य करता था। वह गुरुवार को मेघवाल बस्ती में शादी समारोह में वीडियोग्राफी के लिए आया था। शाम को महिलाएं धोली कलश निकाल रही थी। शंभू सिंह उसकी वीडियोग्राफी कर रहा था। उसी दौरान पीछे से एक नीले रंग की कार आई। वह शंभू सिंह को छूकर निकल गई। इस पर शंभू सिंह की कार चालक से कहासुनी हो गई। गुस्से में कार चालक ने कार के अंदर रखी बंदूक से शंभू सिंह को गोली मार दी। फिर वह कार लेकर फरार हो गया।
शंभू को लहुलूहान हालत में तत्काल डग लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। फिलहाल वारदात के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया। सूचना पर डग पुलिस उप अधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी और गंगधार पुलिस उप अधीक्षक जयप्रकाश अटल मौके पहुंचे। युवक की हत्या की वारदात के बाद अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। उन्होंने तत्काल हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।