संदिग्ध हालत में मिला था शव
पुलिस ने बताया कि 10 जून की सुबह पचेरीकलां-बुहाना मार्ग पर ढाणी दौचाना हाल निवासी अनूप सिंह का शव संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक की बेटी मोनिका ने वाहन की टक्कर से मौत होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन मृतक अनूप सिंह के गले पर चोट के निशान थे। इससे मामला संदिग्ध हो गया।
हत्या का दुर्घटना बनाना चाहते थे
जांच में सामने आया कि 55 वर्षीय पूनम का अपने से काफी छोटे 32 वर्षीय कृष्ण कुमार से प्रेम संबंध था। इस पर पुलिस ने कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मृतक के घर पानी का टैंकर सप्लाई करता था। इस दौरान उसके पूनम से संबंध बन गए। अनूप सिंह को जब इसकी भनक लगी, तो वह पत्नी से मारपीट करने लगा। इस पर पूनम और कृष्ण कुमार ने मिलकर अनूप को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हत्या के बाद शव को सड़क पर इस तरह फेंका गया, जिससे यह दुर्घटना लगे।
ऐसे हुआ शक
अनूप सिंह की मौत के बाद शव को मोर्चरी लाया गया। मेडीकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से रिपोर्ट देने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद भी परिजन ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। शाम को पुलिस की समझाइश के बाद मृतक की बेटी को रिपोर्ट देने के लिए राजी किया गया। इसी से पुलिस का शक गहरा गया। मोबाइल काॅल डिटेल एवं हत्या के आरोप में गिरफ्तार कृष्ण कुमार से पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हो गया।
हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
फिलहाल पुलिस ने पूनम और कृष्ण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को महिला को न्यायालय में पेश किया जाएगा।