शहर के अन्य शिवालयों में भी पर्व की धूम रहेगी। गुरुनानक वार्ड स्थित शिव मंदिर, हीरागंज स्थित शिव मंदिर, अधारकाप शिव मंदिर, घंटाघर शिव मंदिर, मधुर महादेव, गौरीशंकर मंदिर माधवनगर, शिव मंदिर माधवनगर नगर, शिवमंदिर एसकेपी, शिव मंदिर दुर्गाचौक, शिव मंदिर साधूराम स्कूल, शिव मंदिर माई नदी सहित ग्रामीण इलाकों के मंदिरों में धूम रहेगी। श्रद्धालु पूरे दिन शिव आराधना करेंगे और रात्रि में जागरण व भजन-कीर्तन होगा। हर ओर शिवमय वातावरण रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों पर सजावट की जा रही है, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व और भी भव्य लगेगा। महाशिवरात्रि के आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंदिरों और शिव बारात के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों की आस्था अपने चरम पर होगी।
यहां भी निकलेगी भगवान भोलेनाथ की बारात
बरही नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी, जिसकी तैयारी में लोग जुटे है। हजारों की संख्या में भगवान भोलेनाथ की बारात देखने लोग पहुंचेगे। भगवान भोलेनाथ की बारात नगर के राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाजार कमानिया गेट बस स्टैंड होते हुए विजयनाथ धाम पहुंचेगी जिसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। नगर के विजयनाथ धाम शिव मंदिर में विराजमान भूप्रकट भोलेनाथ की बारात प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष में बड़े ही धूमधाम के साथ निकाली जाएगी नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोग बढ़-चढकऱ हिस्सा लेंगे और अपना सहयोग प्रदान करेंगे। वहीं ऐतिहासिक कार्यक्रम में भूतनाथ नंदी औघड़दानी शामिल होंगे जो आकर्षण का केंद्र बनेगा, जिसे देखने लोगों का हजूम उमड़ेगा। वहीं लोगों में भारी उत्साह का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था में जगह-जगह पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात रहेगा।
ग्रामीण इलाकों में भी महाशिवरात्रि पर्व की खासी धूम रहेगा। बहोरीबंद स्थित रूपनाथ धाम में भी भगवान भोलेनाथ की विशेष अराधना की जाएगी। इसके अलावा हुनमत कुटी आश्रम देवरीकलां में पूजा होगी। ग्राम गुलवारा उपसरपंच ने बताया कि मंदिर में सुबह 10 बजे से अभिषेक, 12 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम को भगवान शिवजी की बारात निकाली जाएगी।
लॉजिस्टिक हब के निर्माण, औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से बदल सकती है ‘कटनी की तकदीर’
अन्य मंदिरों में भी होगा विशेष आयोजन
शहर के अन्य मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर समितियां इस पावन पर्व को भव्य रूप देने के लिए तैयारियों में जुटी हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और विद्युत साज-सज्जा की जा रही है। अभिषेक, रुद्राभिषेक और महामृत्युंजय जाप जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे। भजन संध्या, प्रवचन और शिव तांडव नृत्य का आयोजन किया जाएगा। शहर के विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा भंडारे और सेवा शिविर भी लगाए जाएंगे। भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की जा रही है।