अमरावती जिले के दरियापुर कस्बे में 22 वर्षीय युवक द्वारा दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई। मंगलवार रात दोनों नाबालिग लड़कियों की अलग-अलग शिकायतों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार और पॉस्को एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम सूर्यकांत सोनी (उम्र 22 वर्ष) है और वह दरियापुर में रहता है। साल 2022 में 16 और 17 साल की दोनों नाबालिग लड़कियों की पहचान इंस्टा के जरिए उससे हुई थी। इसके बाद युवक की उनसे दोस्ती हो गई और दोनों नाबालिग लड़कियों से वह मिलने लगा।
आरोप है कि दरियापुर हिंगनी रोड पर वुदावन पार्क के पास कार में आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाये। कथित तौर पर वर्ष 2022 से 2025 के बीच आरोपी युवक ने कई बार लड़कियों को मिलने के लिए बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब लड़कियों ने मिलने से इनकार कर दिया तो आरोपी युवक ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया।
इसी तरह का एक मामला ठाणे जिले से सामने आया है। जहां पुलिस ने 19 वर्षीय एक कॉलेज छात्र को 17 वर्षीय लड़की से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 28 जनवरी को बदलापुर (पश्चिम) में हुई। आरोपी पीड़िता को बरवी डैम के पास स्थित एक फार्महाउस ले गया, जहां उसने कथित रूप से बलात्कार किया। बाद में पीड़िता ने घटना के बारे में अपनी मां को बताया। किशोरी की मां ने मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।