अतिक्रमण हटाकर बनाई गई जगह
दिल्ली नगर निगम के सूत्रों की मानें तो मार्च और अप्रैल महीने में सिटी सदर और पहाड़गंज जोन की टीम ने सलीमगढ़ किले के आसपास से अतिक्रमण हटाया था। नगर निगम की योजना के मुताबिक अब यहां शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक बाजार लगाया जाएगा। जहां खाने-पीने की पूरी व्यवस्था के साथ मनोरंजन के साधन भी जुटाए जाएंगे। इसके लिए कई फूड विक्रेताओं ने अपनीं दुकानें लगाने के लिए नगर निगम को आवेदन भी सौंप दिए हैं।
मनोरंजन और पार्किंग की सुविधा भी
निगम अधिकारियों के अनुसार, रात्रिकालीन बाजार को 20 दिनों के अंदर शुरू किया जाना है। इस बाजार में एक समय में 50 स्टॉल लगाए जाएंगे और यह सप्ताह के सातों दिन खुलेगा। यहां सिर्फ खान-पान ही नहीं, बल्कि लोगों को मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक विभाग के साथ नगर निगम की टीम समन्वय बनाने में जुटी है। साथ ही, सरफेस कार पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
ये रहेगी मनोरंजन की व्यवस्था
नगर निगम के सूत्रों की मानें तो रात्रिकालीन फूड बाजार को ग्राहकों के लिए अधिक आकर्षक और यादगार बनाने के लिए मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था की जाएगी। इसमें लाइव म्यूजिक, लोक कला प्रस्तुतियां और ओपन माइक जैसे कार्यक्रम शामिल हो सकते हैं। यह कार्यक्रम जहां ग्राहकों को सांस्कृतिक अनुभव देंगे। वहीं बच्चों के लिए झूले, बाउंसी कैसल और गेमिंग जोन जैसे साधन उनका मनोरंजन करेंगे। वहीं परिवारों के लिए मिनी ओपन थिएटर और फूड क्विज जैसी प्रतियोगिताएं भी कराने की व्यवस्था पर चर्चा चल रही है। इसके साथ ही त्योहारों के अनुसार थीम आधारित सजावट, झांकियां और कला-क्राफ्ट वर्कशॉप्स के साथ इंस्टाग्रामेबल सेल्फी प्वाइंट्स, फेस पेंटिंग, स्पाइस चैलेंज और ‘गोलगप्पा चैलेंज’ जैसी गतिविधियां भी यहां कराई जाएंगी। नगर निगम का मानना है कि ऐसी व्यवस्था से न केवल बाजार की रौनक बढ़ेगी। बल्कि छोटे व्यापारियों और कलाकारों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
ऐसे पहुंचे रात्रि बाजार
लाल किला या चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से उतरने के बाद बस, ऑटो या ई-रिक्शा के जरिए सलीमगढ़ किले के पास आसानी से पहुंचा जा सकेगा। निजी वाहन, जैसे दोपहिया या कार से आने की भी सुविधा रहेगी। इस नई पहल के बाद इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही में वृद्धि की उम्मीद है।