scriptCG News: जानवरों के लिए बिछाया करंट, शिकारी खुद हो गया शिकार, साथियों ने छुपा दिया शव | Patrika News
समाचार

CG News: जानवरों के लिए बिछाया करंट, शिकारी खुद हो गया शिकार, साथियों ने छुपा दिया शव

CG News: जंगल में शिकार के लिए करंट लगाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन एक शिकारी उसमें ही शिकार हो गया। मामले को दबाने साथियो ने युवक का शव जंगल में छुपा दिया।

कवर्धाFeb 06, 2025 / 03:22 pm

Love Sonkar

CG News: जानवरों के लिए बिछाया करंट, शिकारी खुद हो गया शिकार, साथियों ने छुपा दिया शव
CG News: जंगल में वन्य प्राणियों के लिए लगातार जाल बिछाए जा रहे हैं और शिकार भी हो रहा है। हाल ही में जिले में प्रकरण सामने आ चुके हैं जिसमें शिकार के लिए करंट लगाने वाले शिकारी ही शिकार हो गए। जबकि पूर्व में कई मवेशी, जंगली जानवर तेंदुएं तक की मौत करंट से हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा! कार सवार परिवार हुआ हादसे का शिकार, पत्नी की मौत, पति और मासूम को आई गंभीर चोट

थाना तरेगांव जंगल क्षेत्र में गुम इंसान प्रकरण का खुलासा करते मौत के मामले में संलिप्त 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जंगल में शिकार के लिए करंट लगाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन एक शिकारी उसमें ही शिकार हो गया।
ग्राम बंधौरा निवासी डोंगरसिंह धुर्वे(49) अपने घर से दलदली बाजार जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इस संबंध में थाना तरेगांव जंगल में गुम इंसान दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। पतासाजी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि डोंगरसिंह धुर्वे को ग्राम रब्दा के चैनसिंह के साथ देखा गया था। जांच में यह भी पाया गया कि वे 14 जनवरी 2025 की रात चैनसिंह के घर रुके थे और अगले दिन ग्राम सेमसाटा के सोमा बैगा के घर चले गए, जहां उनके साथ ग्राम भरतपुर के श्रीराम बैगा और ग्राम दरई के रामसिंह भी मौजूद थे।
पूछताछ में रामसिंह ने स्वीकार किया कि 15 जनवरी 2025 को वह सुखीराम बैगा, बालाराम, सोमा बैगा, रमु बैगा, श्रीराम गोंड, जीतराम और श्रीराम बैगा जंगल में सुअर के शिकार के लिए जीआई तार में बिजली करंट लगा रहे थे। इसी दौरान डोंगरसिंह धुर्वे की करंट लगने से मृत्यु हो गई। घटना को छुपाने के लिए आरोपियों ने मृत शरीर को ग्राम दरई जड़हाडीह खोधरा जंगल के किनारे दरार में छुपा दिया। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को दरार से निकाला।

और हो चुकी घटना

ऐसी ही एक घटना कुछ दिन पूर्व कुकदुर थाना अंतर्गत भी हुई, जिसमें शिकार के लिए करंट लगा रहे थे उसमें भी एक शिकारी चपेट में आ गया। साथियों ने मिलकर उसका शव मध्यप्रदेश के जंगल में दफना दिया। उस पर एक मृत मवेशी का शव भी रख दिया। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ तो शव को निकाला गया और आरोपियों को गिरतार किया गया।

कितने सुरक्षित जंगल गश्ती जरुरी

इस तरह के प्रकरण से यह तो स्पष्ट हो जाता है कि जिले के जंगल में अब भी वन्य जीवों का शिकार जारी है। जंगल में जगह-जगह करंट लगा रहे हैं। न जाने कितने वन्य जीवों को शिकार हो रहा है। पुलिस, वन विभाग की टीम को भनक तक नहीं लगती। घटनाक्रम होने के बाद भी जानकारी पहुंचती है। जंगलों की सती से गश्ती होना चाहिए, ताकि वन्यजीवों को शिकार होने से बचाया जा सके।
आरोपी रामसिंह के निशानदेही पर शव बरामद किया गया, जिसे परिजनों ने कपड़े और बालों से पहचान लिया। प्रकरण में धारा 105, 238, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी सोमा बैगा के कब्जे से बिजली करंट लगाया गया जीआई तार, रामसिंह द्वारा छुपाई गई लकड़ी की बल्लियां गवाहों के समक्ष जब्त की गई।

जेल भेजे गए आरोपी

आरोपी रामसिंह बैगा(26) ग्राम दरई, सुखीराम मेरावी (35) ग्राम दरई, बालाराम (57) ग्राम दरई, सोमा बैगा (58) ग्राम सेमसाटा, रमू सिंह (20)ग्राम सेमसाटा, श्रीराम गोंड (26) ग्राम रब्दा, जीतराम धुर्वे (26) ग्राम रब्दा और श्रीराम बैगा ग्राम भरतपुर को 4 फरवरी को विधिवत गिरतार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। प्रकरण में विवेचना जारी है। एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक, थाना प्रभारी तरेगांव जंगल संग्राम सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा इस प्रकरण को सुलझाया गया।

Hindi News / News Bulletin / CG News: जानवरों के लिए बिछाया करंट, शिकारी खुद हो गया शिकार, साथियों ने छुपा दिया शव

ट्रेंडिंग वीडियो