scriptCM आवास में बलि चढ़ाए गए भैंसे का सींग दफन है! संजय राउत का सनसनीखेज दावा | Devendra fadnavis not stay at CM varsha bungalow due to black magic says Sanjay Raut | Patrika News
राजनीति

CM आवास में बलि चढ़ाए गए भैंसे का सींग दफन है! संजय राउत का सनसनीखेज दावा

Sanjay Raut on Devendra Fadnavis : संजय राउत ने दावा किया कि सीएम देवेंद्र फडणवीस अपने आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में जाने से डर रहे हैं। महाराष्ट्र में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

मुंबईFeb 04, 2025 / 04:14 pm

Dinesh Dubey

Sanjay Raut Devendra fadnavis
महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री आवास ‘वर्षा’ बंगले की चर्चा हो रही है। दरअसल बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेने के बाद से अब तक देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर रहने नहीं गए हैं। इस पर उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने सवाल खड़े किये है और पूछा की फडणवीस किसलिए भयभीत हैं? जो वह वर्षा बंगले में शिफ्ट नहीं हो पा रहे हैं। राउत ने आरोप लगाया कि वर्षा बंगले के लॉन में भैंसे का सींग गाड़ा गया है।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में स्थित वर्षा बंगले को लेकर सनसनीखेज दावा किया है। वर्षा बंगला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है। राउत ने दावा किया कि किसी ने वर्षा बंगले में जादू-टोना किया है और इसलिए सीएम फडणवीस दोबारा इस बंगले में जाना नहीं चाहते है।
यह भी पढ़ें

महाराष्ट्र के सरकारी दफ्तरों में मराठी बोलना हुआ अनिवार्य, उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई

संजय राउत ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस वर्षा बंगले पर रहने के लिए क्यों नहीं जा रहे हैं? शपथ लेने के इतने दिन बाद भी वह अब तक क्यों नहीं गए? इसे लेकर महाराष्ट्र भी चिंतित है। शिंदे खेमे में सभी नींबू सम्राट हैं। सुनने में आया है कि बीजेपी खेमे में चर्चा है कि वर्षा बंगले के बाहर लॉन मीन गढ्ढा खोदकर उसमें कामाख्या देवी में काटा गया भैंसे का सींग दफनाया है। यह बात उनके अपने लोग ही कह रहे हैं।
राउत ने आगे कहा, यह सही बात है या गलत? हम अंधविश्वास में विश्वास नहीं करते, बल्कि अंधविश्वास उन्मूलन अधिनियम को मानने वाले लोग हैं। कामाख्या मंदिर में भैंसे की बलि दी गई, वहां से तंत्र-मंत्र वाली सींग लाकर यहां दफनाई गई है… जिससे मुख्यमंत्री का पद किसी दूसरे व्यक्ति के पास नहीं टिक सके। यह बात खुद वहां का स्टाफ भी कह रहा है।
संजय राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री का आवास खाली पड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास प्रतिष्ठा का विषय है। महाराष्ट्र की जनता जानना चाहती है कि वहां ऐसा क्या हुआ है। इसका कारण कौन है? मुख्यमंत्री के मन में किस बात का डर है, वे अस्थिर और बेचैन क्यों हैं?
शिवसेना (UBT) नेता ने इससे पहले कहा था, “पहली बार मैं देख रहा हूं कि वर्तमान के मुख्यमंत्री वर्षा बंगले (मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है) में जाने से डर रहे हैं वह क्यों डरते हैं…अगर आप मुख्यमंत्री हैं, तो आपको वहां रहना ही होगा…मैं सुन रहा हूं कि देवेंद्र फडणवीस वहां नहीं जाना चाहते हैं। महाराष्ट्र में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।”

Hindi News / Political / CM आवास में बलि चढ़ाए गए भैंसे का सींग दफन है! संजय राउत का सनसनीखेज दावा

ट्रेंडिंग वीडियो