scriptCG Election 2025: भाजपा-कांग्रेस में परिवारवाद को लेकर पोस्टर वार, सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर साध रहे निशाना | CG Election 2025: Poster war between BJP and Congress on social media regarding nepotism | Patrika News
रायपुर

CG Election 2025: भाजपा-कांग्रेस में परिवारवाद को लेकर पोस्टर वार, सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर साध रहे निशाना

CG Election 2025: कांग्रेस-भाजपा दोनों ने प्रत्याशियों के खिलाफ परिवारवाद को लेकर पोस्टर जारी किया है। यह पोस्टर नगर निगम चुनाव से जुड़ा हुआ है।

रायपुरFeb 05, 2025 / 12:04 pm

Laxmi Vishwakarma

CG Election 2025: भाजपा-कांग्रेस में परिवारवाद को लेकर पोस्टर वार, सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर साध रहे निशाना
CG Election 2025: प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस-भाजपा में टिकट वितरण के बाद परिवारवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर आक्रमक रूख अपना रहे हैं। परिवारवाद के नाम पर तू डाल-डाल, मैं पात-पात की कहावत चरितार्थ कर रहे हैं।

संबंधित खबरें

CG Election 2025: परिवारवादी कांग्रेस का पोस्टर जारी

कांग्रेस-भाजपा दोनों ने प्रत्याशियों के खिलाफ परिवारवाद को लेकर पोस्टर जारी किया है। यह पोस्टर नगर निगम चुनाव से जुड़ा हुआ है। भाजपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर परिवारवादी कांग्रेस करके एक पोस्टर जारी किया है। इसमें लिखा हुआ है कि निकाय चुनाव में कांग्रेस का बंदरबाट। इसके साथ ही इसमें परिवारवाद से जुड़े नेताओं की तस्वीर भी साझा की गई है। इसमें सबसे पहले पूर्व महापौर व पूर्व सभापति प्रमोद दुबे का नाम है।
कांग्रेस ने इस बार रायपुर नगर निगम से दीप्ति दुबे को महापौर प्रत्याशी बनाया है। वे प्रमोद दुबे की पत्नी हैं। इसके बाद रायपुर की पूर्व महापौर किरणमयी नायक का नाम भी है। भाजपा के पोस्टर में बताया गया कि बिलासपुर में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक, किरणमयी के देवर है। इसके बाद चिरमिरी नगर निगम के महापौर प्रत्याशी विनय जायसवाल का नाम है। वे पूर्व विधायक भी रहे हैं। इससे पहले चिरमिरी नगर निगम की महापौर उनकी पत्नी कंचन जायसवाल थी।
अंत में पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनकी पत्नी अर्जुमन ढेबर का नाम है। कांग्रेस ने दोनों को अलग-अलग वार्ड से पार्षद प्रत्याशी बनाया है। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्टर जारी किया है। इसमें लिखा हुआ है कि भाजपा का भाई-बहू-बेटीवाद। इसमें कांग्रेस ने भाजपा के पांच नेताओं का फोटो जारी किया है।
यह भी पढ़ें

CG election 2025: शहरी सरकार चुनने के लिए उम्मीदवारों को बड़ी चुनौती, महिला वोटर्स को होगा रिझाना

भाजपा परिवारवाद पोस्टर जारी

CG Election 2025: इसमें सबसे पहले भाजपा के पूर्व पार्षद छगन चौबे और उनकी पत्नी मीनल चौबे का नाम शामिल हैं। इस बार भाजपा ने रायपुर नगर निगम से मीनल चौबे को महापौर प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले मीनल रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भी थीं। दूसरे नंबर पर पूर्व पार्षद तिलक साहू का नाम है।
भाजपा ने इस बार उनकी पत्नी सुषमा तिलक साहू को पार्षद प्रत्याशी बनाया है। तीसरे नंबर पर भाजपा विधायक संपत अग्रवाल का नाम है। कांग्रेस ने अपने पोस्टर में बताया कि भाजपा ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए संपत अग्रवाल की बहू खुशबू अग्रवाल को टिकट दिया है। बता दें कि उनकी बहू का नगर पंचायत बसना से निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
यहां के कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके अलावा सुनील चंद्राकर और उनकी पत्नी गायत्री चंद्राकर का नाम भी पोस्टर में दिया गया है। कांग्रेस ने सबसे अंत में भाजपा के संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख का नाम लिखा है। इसमें उनकी बेटी शीतल जैन को प्रत्याशी बनाने की बात कहीं गई है।

Hindi News / Raipur / CG Election 2025: भाजपा-कांग्रेस में परिवारवाद को लेकर पोस्टर वार, सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर साध रहे निशाना

ट्रेंडिंग वीडियो