सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करने के लिए सहारनपुर पहुंचे थे सांसद राजीव शुक्ला
यह बात सोमवार को सहारनपुर पहुंचे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कही। राजीव शुक्ला यहां घंटाघर के पास स्थित एक होटल में मीडिया कर्मियों से वार्ता कर रहे थे। वार्ता के दौरान हमलावर होतो हुए उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला भाजपा ने देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए कराया है। आरोप लगाया कि इन दिनों देश बड़े आर्थिक संकटों से गुजर रहा है। देश के लोग इस पर ओर ध्यान ना दे सकें इसलिए भाजपा लोगों को ध्यान भटकाना चाहती है। यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी का जो एतिहासिक गुजरात अधिवेशन हुआ उससे भाजपा बौखला गई और इसी बौखलाहट में मोदी-शाह की जोड़ी ने कांग्रेस पर अपनी पसंदीदा आपराधिक वसूली मशीन को छोड़ दी है।
भाजपा पर लगाया षडयंत्र का आरोप
राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा गांधी परिवार के सभी सदस्य को निशाना बना रही है। गांधी परिवार के सदस्यों पर झूठे मामलों दर्ज कराए जा रहे हैं। इस तरह गांधी परिवार को निशाना बनाकर भाजपा कांग्रेस को खत्म करना चाहती है लेकिन कांग्रेस कभी खत्म नहीं हो सकती। गुस्साए शब्दों में कहा कि यह बदले की राजनीति का सबसे बुरा रूप है जो भाजपा दिखा रही है। सांसद राजीव शुक्ला ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा और कहा कि, चुनाव आयोग एक ऐसी संस्था है जिसे किसी भी पार्टी या सरकार के दबाव में नहीं रहना चाहिए। कहा कि अगर देश के किसी भी व्यक्ति को चुनाव प्रक्रिया पर संशय है तो चुनाव आयोग की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह उस संशय को खत्म करें लेकिन चुनाव आयोग ऐसा नहीं कर रहा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संदीप राणा और नगर अध्यक्ष मनीष त्यागी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।