पुरानी आबादी लगी आग, दौड़ी दमकल की छह गाडि़यां
– करीब चार घंटे लगे आग बुझाने में, दो मकानों का सामान जला, मची खलबली


श्रीगंगानगर. पुरानी आबदी के वार्ड पांच प्रभु चौक के पास सरकारी गडढे में लगी झाडियों और सरकंडों में आग की लपटों ने हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब पौने बारह बजे आग लगने की सूचना अग्निशमन सेवा केन्द्र के कंट्रोल रूम में पहुंची तो तत्काल एक गाड़ी को रवाना किया। वहां पहुंचने पर आग अधिक फैलने की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी गई। दो और दमकल और सिविल डिफेंस की दमकल भी पहुंची। करीब छह गाडि़यों के फेरे लगाए गए। इस आग को बुझाने के लिए करीब चार घंटे का अधिक समय लगा। अग्नि शमन सेवा केन्द्र के कंट्रोल रूम के अनुसार इस आग की सूचना सुबह 11: 50 बजे आई थी, चार दमकल की गाडियां भेजी गई। इन गाडियों की वापसी दोपहर 3:55 बजे हुई। इस गडढे से सटे सुधीर और वीना के मकानों में रखा सामान कूलर, वाशिंग मशीन, बिस्तर, चारपाई आदि जलकर राख हो गए। इन मकानों में रहने वाले लोग आग की लपटों को देखकर वहां से सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। आग की वजह से आसपास फैलने का अधिक खतरा हुआ तो सिविल डिफेंस की टीम को भेजा गया। फायर ऑफिसर आमरेन्द्र सिंह भी पहुंचे और आग संबंधित बचाव कार्य टीम का सहयेाग किया।
विधायक बिहाणी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
इस दौरान विधायक जयदीप बिहाणी ने घटना स्थल पर पहुुंचकर आग बुझाने के कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने इस एरिया के लोगों से आग लगने की वजह के बारे में जानकारी ली। इन लोगों का कहना था कि अत्यधिक गर्मी में छोटी सी चिंगारी सूखे सरकंडो से आग का बड़ा रूप ले लेती है। यही हाल मूसलाधार बरसात के दौरान आसपास के घरों में पानी घुस जाता है। इस पर विधायक ने अतिक्रमण को हटाकर वहां सरकंडे और झाडि़यों को साफ कराने के निर्देश दिए।
आसपास बसे लोगों को खदेड़ा
आग लगने से इस गडढा क्षेत्र के दो मकानों में आग की लपेट पहुंची तो विधायक बिहाणी की घुड़की पर नगर परिषद अमले ने उसी समय आसपास मकानों में रहने वाले लोगों को वहां सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। यह गडढा काफी बड़ा था लेकिन लोगों ने वहां अतिक्रमण कर पक्के निर्माण कर लिए। पिछले एक दशक से यह गडढा संकरा हो चुका है। रही कही कसर नगर परिषद ने वहां सड़क बनाकर पूरी कर दी। इधर, वार्ड आठ के पूर्व पार्षद बंटी वाल्मीकि ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद प्रशासन को दस दिन पहले गडढा क्षेत्र में झाडियों और सरकंडों को साफ कराने का आग्रह किया।
आयुक्त बोले, अब हटाएंगे वहां अतिक्रमण
नगर परिषद आयुक्त रवीन्द्र यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस गडढा क्षेत्र को संकरा करने पर आपत्ति जताई। आयुक्त ने बताया कि इस गडढा क्षेत्र के अलावा शहर के अन्य एरिया की सरकारी भूमि एरिया में अतिक्रमण को हटाया जाएगा। उन्होंने बतायाकि गडढा क्षेत्र में कई लोगों ने कब्जे कर वहां मकान बना लिए है। इस कारण मकानों को आग की लपटों से नुकसान पहुंचा है।
Hindi News / Sri Ganganagar / पुरानी आबादी लगी आग, दौड़ी दमकल की छह गाडि़यां