अलवर से गुरुग्राम (एनएच 248ए) की दूरी करीब 145 किमी है। यदि वाहन चालकों को वाया नूंह इलाके से जाना होता है तो वाहन शहर के अंदर से प्रवेश करते हैं। बीच में रामगढ़ फाटक भी आता है। इससे दूरी ओर बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रामगढ़ बाइपास बनाया जा रहा है। यह बगड़ तिराहे के आगे से घूमेगा और रामगढ़ से होता हुआ सीधा एनएच 248ए में मिल जाएगा।
इसी प्रोजेक्ट के तहत रामगढ़ फाटक पर ओवरब्रिज भी बनेगा। इसकी लंबाई 7 किमी होगी। यह दो लेन का होगा। बाइपास व ओवरब्रिज पर करीब 110 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। पीडब्ल्यूडी एनएच के एक इंजीनियर का कहना है कि बाइपास व ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्रस्ताव सरकार के पास गया है।
किसानों की जमीन भी आएगी बाइपास में
बाइपास निर्माण के दौरान किसानों की जमीन भी ली जाएगी। इसके लिए अधिग्रहण होगा। किसानों को अधिग्रहण कानून के तहत मुआवजा दिया जाएगा। कितने गांवों की जमीन आएगी, अभी यह पीडब्ल्यूडी एनएच सार्वजनिक नहीं कर रहा है। बताया जा रहा है कि इसी माह गजट नोटिफिकेशन हो जाएगा।
जाम में नहीं फंसेंगे वाहन
रामगढ़ फाटक जब बंद होता है तो वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। समय अधिक लगता है। जाम का सामना भी करना पड़ता है। लंबे समय से लोग यहां आरओबी की मांग कर रहे हैं। भाजपा ने उप चुनाव में भी इस समस्या से निजात दिलाने का वादा किया था।