Weather Alert : बाड़मेर में 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान, अब आएगा पश्चिमी विक्षोभ, होगी बारिश
Western Disturbance: मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान के कई जिलों में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि 25-27 मार्च के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने और आंशिक बादल छाने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं दूसरी तरफ बाड़मेर, जोधपुर और जैसलमेर जिलों में अभी से गर्मी परेशान करने लगी है। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंता बांरा में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह वीडियो भी देखें
पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी राहत
वहीं जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा था। वहीं डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 37.9, नागौर में 36.3, सिरोही में 36.8, जोधपुर में 38.1, चित्तौड़गढ़ में 37.9 और कोटा में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में प्रदेशवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।