लम्बासा में शानदार शुरुआत
फिजी के लम्बासा स्थित सुब्रेल पार्क में समारोह के पहले दिन राकेश उपाध्याय ने शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर फिजी के प्रधानमंत्री सितिबेनी राबुका, भारत की विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्ग्रेटा, और फिजी के एथनिक मंत्री चरनजीत सिंह भी मौजूद थे। राकेश की लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।
सुवा में भावुक हुआ माहौल
15 मई को फिजी की राजधानी सुवा में हुए कार्यक्रम में जब फिजी के उप प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में लोगों को संबोधित किया, तो पूरा ऑडिटोरियम “जय भारत – जय फिजी” के नारों से गूंज उठा। उन्होंने राकेश उपाध्याय की तारीफ करते हुए कहा, “हम अपने पुरखों के लोकगीतों को सुनना चाहते हैं।” इस मौके पर राकेश ने बिदेशिया, भारत का परिचय गीत, कहरवा, और अयोध्या से जुड़े बधाई गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के बाद उन्हें बुके देकर सम्मानित किया गया।
लोगों का खूब प्यार मिला
कार्यक्रम के बाद लोग राकेश और उनकी टीम के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए। फिजी की सनातन धर्म सभा और कई अन्य संस्थाओं ने भी राकेश और उनकी टीम का स्वागत और सम्मान किया। राकेश उपाध्याय ने इससे पहले दक्षिण अफ्रीका, बैंकाक, मस्कट (ओमान), नीदरलैंड और सिंगापुर की सांस्कृतिक यात्राएं की हैं। फिजी यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने भारतीय उच्चायोग और स्वामी विवेकानंद भारतीय सांस्कृतिक केंद्र, सुवा का धन्यवाद व्यक्त किया।
टीम के सदस्य
इस सांस्कृतिक टीम में उत्तम मिश्रा, गौरव मिश्र, ओंकार नाथ गुप्ता, सुमंत राय, हिना मौर्या कोमल, दिव्या शर्मा, कुमारी मोहिनी और रेखा भारती शामिल रहे। राकेश उपाध्याय कहते हैं कि गुरु गोरक्षनाथ की कृपा से उन्हें लोगों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला।