मौसम विभाग ने अगले 45 घंटे में तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं। 8 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसके सक्रिय होने पर फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
फरवरी में लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ
फरवरी में लगातार पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) आ रहे हैं। इसके असर से राजस्थान में चक्रवातीय घेरा विकसित हो रहे हैं और हवा का रुख पश्चिम दिशा से होने पर दिन व रात का तापमान बढ़ गया है। इससे सर्दी घट गई थी। रात में पंखे भी चलाने पड़े।
बुधवार शाम को अचानक बदला मौसम
लेकिन बुधवार को उत्तरी हवा चलना शुरू हो गई। यह हवा अपने साथ कश्मीर की बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है। इससे तापमान में गिरावट आ गई। सर्दी वापस आ गई। सर्दी आने से फसलें प्रभावित नहीं होगी।
जेट स्ट्रीम हवा की गति पहुंची 278 किलोमीटर प्रतिघंटा
पश्चिमोत्तर भारत में समुद्र तल से 12.5 किलोमीटर ऊपर 278 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवा चल रही है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है। इस कारण दिन के साथ-साथ रात के तापमान में गिरावट की संभावना है।
45 घंटे बाद 8 फरवरी को आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ
8 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आने पर एमपी में एक बार फिर मौसम बदलेगा और तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचेगा। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है।