उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सौ चूहे खाकर कांग्रेस अब हज पर जा रही है। बता दें, किरोड़ी लाल मीणा के फोन टैपिंग विवाद पर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है।
‘कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं’- राठौड़
राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस पर राजनीतिक ड्रामा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा, इसलिए वह चाय के प्याले में तूफान खड़ा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि गहलोत सरकार के दौरान ही फोन टैपिंग हुई थी और अब कांग्रेस उसी पर हंगामा कर रही है। राठौड़ ने कहा कि गहलोत सरकार के कार्यकाल में मीडिया को नियंत्रित करने वाले OSD ने खुद स्वीकार किया था कि फोन टैपिंग हुई थी। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने अपने समय में नेताओं और पत्रकारों की जासूसी करवाई थी। अब वही कांग्रेस हमारी सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है।
कांग्रेस की अंदरूनी फूट पर भी कसा तंज
राठौड़ ने कांग्रेस की अंदरूनी फूट पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस खुद दो खेमों में बंटी हुई है। 34 दिन तक कांग्रेस के नेता पांच सितारा होटल में कैद रहे, जनता की कोई चिंता नहीं की। भारतीय जनता पार्टी में ऐसी गुटबाजी नहीं है। राठौड़ ने साफ किया कि भाजपा अपने वरिष्ठ नेता किरोड़ीलाल मीणा के मुद्दे पर गंभीर है और पार्टी के वरिष्ठ नेता खुद उनसे बातचीत करेंगे। राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत सरकार के समय फोन टैपिंग होती रही, अब वही कांग्रेस हम पर आरोप लगा रही है। जनता सब देख रही है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी। कांग्रेस का दोहरा चरित्र जनता देख रही है।
अशोक गहलोत ने बताया गंभीर मामला
फोन टैपिंग विवाद पर बोलते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि, “हमारी सरकार के समय मैंने सदन के पटल पर कहा था कि किसी भी मंत्री, सांसद और विधायक का टेलिफोन सर्विलांस पर नहीं लिया गया और न ही लिया जाएगा। लेकिन भाजपा सरकार पर अपने ही कैबिनेट मंत्री द्वारा फोन टैपिंग के आरोप लगाना भाजपा की सच्चाई उजागर करता है।”
उन्होंने कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है क्योंकि आरोप राजनीतिक फायदा के लिए किसी विपक्षी नेता ने नहीं बल्कि सरकार के कैबिनेट मंत्री ने लगाए हैं। इनकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। मुख्यमंत्री को सदन में जवाब देना चाहिए।
किरोड़ी लाल ने फौन टैपिंग के लगाए आरोप
दरअसल, कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने गुरुवार को जयपुर के आमागढ़ मंदिर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपनी ही सरकार पर जासूसी करने और फोन टैपिंग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मेरी जासूसी हो रही है। फोन टैपिंग की जा रही है। पिछली सरकार में भी यही किया गया था, लेकिन मैंने सभी को चकमा दे दिया था। अब फिर से वही हो रहा है। किरोड़ी लाल मीणा ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने भ्रष्टाचार के कुछ मामलों को उजागर किया, तो सरकार ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि 50 फर्जी थानेदारों को गिरफ्तार किया गया था। मैंने जब परीक्षा रद्द करने की मांग की, तो सरकार ने मेरी बात नहीं मानी। उल्टा मेरे खिलाफ ही सीआईडी लगा दी गई और फोन टैपिंग शुरू कर दी गई। लेकिन इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।