दरअसल कल रात लाठी थाना इलाके में एक कैंपर गाड़ी को सामने से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंपर में सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। चारों के शव कई घंटे के प्रयास के बाद जैसे तैसे बाहर निकाले जा सके। इस हादसे में वन्य जीव प्रेमी राधे श्याम विश्नोई, कंवराज सिंह, श्याम फौजी और वन कार्मिक सुरेन्द्र चौधरी की जान चली गई। चारों को सूचना मिली थी कि जंगलात इलाके में हिरण का शिकार किया जा रहा है। वहां पहुंच पाते इससे पहले ही भीषण सड़क हादसा हुआ और चारों की जान चली गई। चारों के शवों का आज अंतिम संस्कार किया जाना है।
वन्य जीव प्रेमियों की मौत पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर सालेह मोहम्मद, समेत अन्य कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है। घटना से हर कोई सदमे में है। वन और वन्य जीवों की जान बचाने के लिए राधेश्याम विश्नोई को सेंचुरी एशिया यंग नेचरिस्ट अवॉर्ड, विश्नोई समाज द्वारा सम्मान दिया जा चुका है। एक हजार से भी ज्यादा हिरणों की जान उन्होंने बचाई थी। वे कई संस्थाओं से जुड़े हुए थे जो वन्य जीवों के लिए काम करती हैं। उनके साथियों ने मिलकर कई वन्य जीवों की जानें बचाई थीं। साथ ही वन बचाने को लेकर भी वे काम करते थे।