फिर विवादों में Air India! बुजुर्ग महिला को नहीं दी व्हीलचेयर, गिरकर पहुंचीं ICU, अब एयरलाइन ने दी ये सफाई
Air India: दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले से बुक करने के बावजूद एक बुजुर्ग महिला को व्हीलचेयर नहीं मिली। परिवार का दावा है कि पैदल चलने की वजह से महिला गिर गई और अब ICU में भर्ती है।
व्हीलचेयर नहीं दी, गिरकर ICU पहुंचीं 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला
Air India Wheelchair Controversy: एयर इंडिया एयरलाइन एक बार फिर से विवादों में है। देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। 82 साल की बुजुर्ग महिला ने पहले से ही व्हीलचेयर बुक कर रखी थी। इसके बावजूद समय पर उनको व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई गई। ऐसे में उनको मजबूरन पैदल चलना पड़ा। इसी दौरान थकान और कमजोरी की वजह से बुजुर्ग महिला गिर गईं। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और अब ICU में उसका इलाज चल रहा है। हालांकि इस पूरे मामले में एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर अपनी सफाई दी है।
बुजुर्ग महिला की पोती पारुल कंवर ने बताया कि 4 मार्च, 2025 को दिल्ली से बैंगलोर की फ्लाइट के लिए व्हीलचेयर पहले से बुक थी। एयर इंडिया के कर्मचारियों और हवाई अड्डे की सहायता डेस्क से व्हीलचेयर के लिए बार बार कहा गया। लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी।
इंतजार करने बाद भी कोई मदद नहीं
महिला के परिवारवालों का दावा है कि व्हीलचेयर के लिए एक घंटे तक इंतजार किया गया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिल पाई। परिवार द्वारा कई बार कहने के बाद भी कर्मचारियों ने उनकी बात पर ध्यान नहीं किया। मजबूरी में पैदल चलना पड़ा और थकान की वजह से महिला एयर इंडिया के प्रीमियम इकोनॉमी काउंटर के सामने गिर गईं। इस दौरान उन्हें सिर, नाक और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। घरवालों का कहना है कि तुरंत प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया। ऐसे में उनकी हालत और बिगड़ गई। अब महिला का ICU में इलाज चल रहा है।
एयर इंडिया पर गंभीर आरोप लगने के बाद एयरलाइन ने एक बयान जारी कर सफाई दी है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि महिला समय से काफी देर से पहुंची थी। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर के लिए किए गए एक घंटे के इंतजार करने के दावे को भी खरिज किया है। एयरलाइन ने कहा कि पीक डिमांड के कारण व्हीलचेयर तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाई। इसलिए महिला ने खुद से चलने का फैसला किया। गिरने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। परिवार के लोगों ने अतिरिक्त चिकित्सा सहायता लेने से मना कर दिया था।
Hindi News / National News / फिर विवादों में Air India! बुजुर्ग महिला को नहीं दी व्हीलचेयर, गिरकर पहुंचीं ICU, अब एयरलाइन ने दी ये सफाई