Patparganj Assembly Election Result 2025: पटपड़गंज का जानिए पूरा गणित
पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र पूर्वी दिल्ली में स्थित है। यह क्षेत्र मुख्य रूप से आवासीय इलाकों, जैसे मयूर विहार फेज-1, शशि गार्डन और पटपड़गंज गांव से मिलकर बना है। इस विधानसभा क्षेत्र में मध्यम वर्गीय परिवारों की संख्या ज्यादा है। इसके अलावा यहां पूर्वांचली, पहाड़ी और गुर्जर समुदाय के मतदाताओं की चुनाव में निर्णायक भूमिका मानी जाती है। इसमें भी पूर्वांचली मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है।
आम आदमी पार्टी ने इसी फैक्टर के चलते पूर्वांचल से संबंध रखने वाले अवध ओझा को चुनावी मैदान में उतारा है। अवध ओझा के सोशल मीडिया पर काफी फॉलोअर्स भी हैं। वहीं रविंद्र नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
2020 में मामूली अंतर से जीते थे मनीष सिसोदिया
दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट पर साल 2020 में मनीष सिसोदिया को भाजपा के रविंद्र नेगी ने कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि रविंद्र नेगी महज 3207 वोटों से चुनाव हार गए थे। इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पटपड़गंज वीआईपी सीट बन गई है, क्योंकि यहां से वायरल शिक्षक अवध ओझा की सियासी पारी का आगाज हो रहा है। साल 2020 में मनीष सिसोदिया को 70,163 वोट मिले थे। जबकि भाजपा के रविंद्र नेगी को 66,956 वोट प्राप्त हुए थे। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण रावत को 2,802 वोट मिले थे। जीत का अंतर मात्र 2.2% था। साल 2015 में ये रहा पटपड़गंज विधानसभा चुनाव परिणाम
बात अगर साल 2015 के विधानसभा चुनाव की करें तो पटपड़गंज विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया को कुल 75,477 वोट मिले थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार बिन्नी को 46,716 वोट मिले थे। इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार को 16,260 वोट मिले थे। 28761 वोटों से मनीष सिसोदिया ने चुनाव जीता था। जीत का अंतर 20.4% था।