धूमधाम से निकाली गई मां नर्मदा की भव्य शोभा यात्रा, रंगोली व पुष्पवर्षा से किया स्वागत
अमरकंटक में नर्मदा जयंती पर कार्यक्रम शुरू, आज मनाया जाएगा जन्मोत्सव
अमरकंटक में नर्मदा जयंती पर कार्यक्रम शुरू, आज मनाया जाएगा जन्मोत्सव
शहडोल. पवित्र नगरी अमरकंटक में नर्मदा जन्मोत्सव का तीन दिवसीय कार्यक्रम सोमवार से शुरू हो गया है। पहले दिन मां नर्मदा की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिससे पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बन गया। माता नर्मदा के प्राकट्योत्सव पर्व पर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था। नगरवासियों और व्यापारियों ने अपने घरों और दुकानों के सामने रंगोली सजाकर और पुष्पवर्षा कर माता का स्वागत किया। सुबह 11 बजे जैसे ही माता की पालकी नर्मदा उद्गम स्थल से निकली, पूरा नगर जय नर्मदा माई के जयकारों से गूंज उठा। ढोल-ताशों, बैंड-बाजों, गुदुम बाजा और डीजे की धुन पर भक्त झूम उठे। साथ ही पारंपरिक शैला और कर्मा नृत्य की प्रस्तुति ने शोभायात्रा को और भी मनोरम बना दिया। भक्तों की भारी भीड़ नर्मदा मंदिर परिसर में एकत्रित हुई और माता नर्मदा की पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वैतरणी बस स्टैंड पहुंची। वहां से पुन: मंदिर परिसर की ओर प्रस्थान किया। नगरवासियों ने छतों से फूलों की वर्षा कर माता की पालकी का स्वागत किया।
पूरे नगर को सजाया गया दुल्हन की तरह
नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। घर-घर रंगोली बनाई गई तो वहीं भक्तों और आश्रमों द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। हलवा, खीर, पोहा, जलेबी, फल और जल से श्रद्धालुओं की सेवा की गई। हर ओर भक्ति और आनंद का माहौल था। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी भक्ति में सराबोर होकर नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
नर्मदा प्राकट्योत्सव पर आज आयोजन
4 फरवरी को माता नर्मदा का प्राकट्योत्सव बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। सुबह 11.30 बजे अभिषेक, 12.30 बजे आरती और भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद 1 बजे कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। शाम 7 बजे भव्य महाआरती के साथ उत्सव का समापन होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु नर्मदा सरोवर में पवित्र स्नान कर माता के पूजन में शामिल होंगे। भक्ति, श्रद्धा और आनंद से ओत-प्रोत इस महोत्सव ने अमरकंटक को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा
इस शोभायात्रा में विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, प्रभारी मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार, कोल विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रामलाल रौतेल, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, नगर अध्यक्ष पार्वती सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। जैसे ही माता की पालकी मंदिर परिसर पहुंची श्रद्धालुओं ने भावविह्वल होकर माता को विधिवत यज्ञशाला में विराजमान किया। इसके साथ ही चौबीस घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ हुआ जो मंगलवार शाम तक चलेगा।
प्रथम दिवस प्रात: काल हुआ योगाभ्यास
मां नर्मदा के उद्गम स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में तीन दिवसीय अमरकंटक नर्मदा महोत्सव- 2025 के प्रथम दिवस प्रात: 7 से 8 तक बजे तक मैकल पार्क अमरकंटक में योगाभ्यास कार्यक्रम योग प्रशिक्षक आईजीएनटीयू अमरकंटक के सहायक प्राध्यापक (योगा) डॉ श्याम सुंदर पाल ने कराया। योग अभ्यास कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षल पंचोली सपत्नीक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ट शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में नागरिक, पर्यटक, युवा, वालंटियर, पीटीआई छात्र-छात्राएं जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त सरिता नायक, जिला आयुष अधिकारी, डॉ राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी टीआर आर्मो सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी शामिल रहे। योग प्रशिक्षक ने योग की विविध क्रियाओं तथा उसके लाभ की जानकारी प्रदान की।
Hindi News / Shahdol / धूमधाम से निकाली गई मां नर्मदा की भव्य शोभा यात्रा, रंगोली व पुष्पवर्षा से किया स्वागत