scriptनशे में धुत दूल्हे ने सहेली को पहनाई वरमाला, दुल्हन ने किया इंकार, पुलिस ने किया शांतिभंग में चालान | Patrika News
बरेली

नशे में धुत दूल्हे ने सहेली को पहनाई वरमाला, दुल्हन ने किया इंकार, पुलिस ने किया शांतिभंग में चालान

क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात आयोजित एक विवाह समारोह में उस समय भारी हंगामा हो गया जब नशे में धुत दूल्हे ने अपनी दुल्हन की बजाय उसकी सहेली को वरमाला पहना दी।

बरेलीFeb 24, 2025 / 09:10 am

Avanish Pandey

बरेली। क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात आयोजित एक विवाह समारोह में उस समय भारी हंगामा हो गया जब नशे में धुत दूल्हे ने अपनी दुल्हन की बजाय उसकी सहेली को वरमाला पहना दी। इस हरकत से नाराज दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया और गुस्से में आकर दूल्हे को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर कुर्सियां चलने लगीं और खाना भी फेंक दिया गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और बारात को बिना शादी किए लौटना पड़ा।

दूल्हे की शराबखोरी बनी शादी टूटने की वजह

ग्रामीणों के अनुसार, यह बारात बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव से आई थी। शादी समारोह में पहुंचे बराती खाने-पीने में व्यस्त थे, वहीं दूल्हा पहले से ही नशे में धुत था। आरोप है कि वह कई बार गिर भी पड़ा। जब जयमाल का समय आया और दुल्हन ने दूल्हे को वरमाला पहनाई, तो दूल्हे ने अपनी वरमाला निकालकर दुल्हन की बजाय उसकी सहेली के गले में डाल दी। इस हरकत से नाराज दुल्हन ने तत्काल शादी से इंकार कर दिया और आवेश में आकर दूल्हे को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद घराती और बाराती पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो झगड़े में तब्दील हो गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, दूल्हे और उसके दोस्त का शांतिभंग में चालान

झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूल्हे और उसके दोस्तों को हिरासत में लिया और शांति भंग करने के आरोप में उनका चालान कर दिया। दूल्हे के दोस्तों ने पड़ोस के गांव के एक बिचौलिए से अवैध शराब खरीदी थी, जो उन्होंने दूल्हे को पिला दी। पुलिस ने शराब सप्लाई करने वाले युवक की तलाश में छापेमारी की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दहेज मांगने का भी लगा आरोप

दुल्हन पक्ष ने पुलिस को एक तहरीर भी दी, जिसमें उन्होंने दूल्हे के परिवार पर दहेज मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Hindi News / Bareilly / नशे में धुत दूल्हे ने सहेली को पहनाई वरमाला, दुल्हन ने किया इंकार, पुलिस ने किया शांतिभंग में चालान

ट्रेंडिंग वीडियो