scriptएमपी में तबादलों पर बड़ा अपडेट, बड़ी प्रशासनिक सर्जरी बाकी है… | Big update on transfers in MP major administrative surgery is pending | Patrika News
भोपाल

एमपी में तबादलों पर बड़ा अपडेट, बड़ी प्रशासनिक सर्जरी बाकी है…

MP Transfer: मध्यप्रदेश कैडर में 379 आइएएस अफसर, इनमें से 45 केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर… प्रदेश में काम कर रहे 334 आइएएस, इनमें से बदले गए 277

भोपालFeb 10, 2025 / 03:32 pm

Sanjana Kumar

MP Transfer

MP Transfer update

MP Transfer Big Update: हरिचरण यादव. मोहन सरकार ने 13 महीने के कार्यकाल में करीब 42 तबादला आदेश जारी कर 277 आइएएस अफसरों की जिम्मेदारी बदली। इसके बाद भी प्रशासनिक सर्जरी बाकी है। बदले जाने वाले लगभग 5 फीसदी अफसर तो ऐसे हैं, जिनकी जिम्मेदारी दो से चार बार तक बदली गई। कुछ पर अभी भी तबादले की तलवार लटकी है। सर्वाधिक 186 अफसरों के तबादले 10 महीने मुख्य सचिव रहीं वीरा राणा के कार्यकाल में हुए तो मौजूदा मुख्य सचिव की चार महीने की पारी में 91 का तबादला किया गया।
बता दें कि अभी मध्यप्रदेश आइएएस कैडर में 379 अफसर हैं। इनमें से करीब 45 केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं और 334 काम कर रहे हैं। तबादले भी इन्हीं के बीच से हुए हैं। हालांकि एक वर्ष पूर्व यह संख्या ज्यादा थी, जो सेवानिवृत्ति के कारण कम होती जा रही है।

एसीएस राजौरा का कद बढ़ा तो बढ़ता ही गया

जनवरी 2024 में गृह से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया, जल संसाधन समेत अन्य की जिम्मेदारी भी दी। जून 2024 में मुख्यमंत्री के एसीएस बनाए गए। सीएस की दौड़ में प्रभावी रूप से अंत तक बने रहे। अभी सीएम के सबसे खास माने जाते हैं। चर्चा है कि पूर्व की सरकारों में भी डॉ. राजौरा मुख्यमंत्रियों की गुडलिस्ट में ही रहे।
MP Transfer

पीएस संजय शुक्ला की जिम्मेदारी बार-बार बदली

जून 2024 में मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सचिव बनाए गए। इसके पहले उन्हें जनवरी 2024 में प्रमुख सचिव पीएचई से प्रमुख सचिव राज्यपाल, मार्च 2024 को प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास की जिम्मेदारी दी। नवंबर 2024 में नगरीय विकास एवं आवास विभाग भेजा। इस दौरान अन्य जिम्मेदारियां भी दीं। माना जा रहा है कि शुक्ला की जिम्मेदारी बार-बार बदली गई।

एसीएस संजय दुबे को गृह से वापस बुलाया

लंबे समय तक ऊर्जा विभाग में प्रमुख सचिव रहे। जनवरी 2024 गृह भेजा गया, जहां से अगस्त 2024 में हटाकर जीएडी की जिम्मेदारी दी। दूसरे विभागों का प्रभार भी दिया। मोहन सरकार ने इन्हें गृह विभाग में लंबी पारी नहीं खेलने दी। केंद्र में रहे कन्याल के चार तबादले: जनवरी 2024 में किशोर कन्याल को शाजापुर कलेक्टर से हटाकर उप सचिव मप्र शासन बनाया। इसी महीने उप सचिव मप्र शासन से उप सचिव वन बनाकर भेजा, अक्टूबर 2024 में श्योपुर कलेक्टर बनाया, जनवरी 2025 में श्योपुर से हटाकर गुना कलेक्टर की जिम्मेदारी दी। मोहन सरकार में कन्याल फटाफट तबादले लेते गए, जबकि कई आइएएस इंतजार ही कर रहे।
MP Transfer
MP Transfer

ऊर्जा सेक्टर के जानकार एसीएस मनु श्रीवास्तव लूप लाइन में

जनवरी 2024 में तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास से ऊर्जा भेजा, नवंबर 2024 में यहां से हटाया और अकेले नवकरणीय ऊर्जा विभाग उनके पास रहने दिया। साथ में खेल एवं युवक कल्याण की जिम्मेदारी दी, जबकि उन्हें ऊर्जा सेक्टर का अनुभवी अफसर माना जाता है।

कंसोटिया की वापसी

शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री रहते अक्टूबर 2022 में पशुपालन एवं डेयरी से वन विभाग भेजा था। मोहन सरकार ने सीएस राणा के समय जून 2024 में उन्हें मंत्रालय से बाहर कर प्रशासन अकादमी भेज दिया। सूत्रों के अनुसार सीएस अनुराग जैन ने जनवरी 2025 को उन्हें गृह विभाग का प्रशासनिक मुखिया बनवाया।

Hindi News / Bhopal / एमपी में तबादलों पर बड़ा अपडेट, बड़ी प्रशासनिक सर्जरी बाकी है…

ट्रेंडिंग वीडियो