scriptफरवरी में ही होने लगा तपिश का अहसास, गर्मी ने बढ़ाया बीमारियों का डर | Patrika News
चेन्नई

फरवरी में ही होने लगा तपिश का अहसास, गर्मी ने बढ़ाया बीमारियों का डर

Chennai Heat

चेन्नईFeb 17, 2025 / 07:07 pm

PURUSHOTTAM REDDY

Chennai
चेन्नई. साल 2025 की फरवरी का दूसरा सप्ताह मौसम में गर्मी का अहसास लेकर आया है। प्रदेश के कुछ शहरों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के भी पार जा चुका है। 21 फरवरी तक तमिलनाडु, पुदुचेरी और करैकल क्षेत्रों में शुष्क मौसम रहेगा। कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है और 17 से 19 फरवरी तक तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।

मदुरै सबसे गर्म जिला

रविवार को मदुरै में सबसे ज्यादा 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यहां अगले दो दिन में पारा और बढ़ने की संभावना है, वहीं समय से पहले गर्मी आने के कारण लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। इसी बीच कोयम्बत्तूर और वेलूर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कन्याकुमारी में 34, चेन्नई मीनम्बाक्कम में 33.5, पालयनकोट्टै में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं ऊटी में सबसे कम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

गर्मी ने बढ़ाया बीमारियों का डर

बढ़ती गर्मी की वजह से मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही गर्मी आते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों की आशंका भी रहती है। इसको लेकर पत्रिका ने चेन्नई के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से बातचीत की। एमजीएम हेल्थकेयर हॉस्पिटल के डॉक्टर सौमित्रा सिन्हा ने बताया कि गर्मी के दिनों में हर वर्ष तापमान बढ़ जाता है। इस कारण डेंगू, मलेरिया, उल्टी-दस्त और बुखार का खतरा बढ़ जाता है। अभी की अगर बात करें तो अस्पताल में सबसे ज्यादा इन्हीं बीमारियों के मरीज आ रहे हैं। इन दिनों में चूंकि तापमान अधिक रहता है, इसलिए बाहर का खाना, फास्ट-फूड से परहेज करना चाहिए। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए ग्लूकोज, ओआरएस का सेवन भी करते रहना चाहिए। खान-पान का खास ध्यान रखा जाना इस मौसम में बेहद जरूरी है।

कैसे करें खुद का बचाव?

भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और अगर जाना जरूरी हो तो मास्क पहनें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके। संतुलित आहार लें, जिसमें ताजे फल और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन शामिल हो। खुद को ठंडा और सुरक्षित रखें, जरूरत से ज्यादा धूप में जाने से बचें।

डॉक्टर की सलाह

जो लोग पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, खासकर सिकल सेल एनीमिया जैसी समस्याओं से पीडि़त लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे लोगों को अधिक पानी पीना चाहिए और अपने शरीर को हाइड्रेटेड रखना चाहिए, ताकि डिहाइड्रेशन और शरीर में दर्द जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

सही जीवनशैली अपनाकर रहें स्वस्थ

मौसम परिवर्तन के दौरान सही जीवनशैली अपनाकर और कुछ आवश्यक सावधानियां बरतकर बीमारियों से बचा जा सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि सतर्कता और नियमित रूप से स्वस्थ आदतों का पालन करके इस मौसम में भी खुद को स्वस्थ रखा जा सकता है।
Chennai heat

Hindi News / Chennai / फरवरी में ही होने लगा तपिश का अहसास, गर्मी ने बढ़ाया बीमारियों का डर

ट्रेंडिंग वीडियो