पायलट ने गुरुवार को वजीरपुर में कांग्रेस उम्मीदवार रागिनी नायक और कस्तूरबानगर के कोटला में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त के समर्थन में सभाएं की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव दिल्ली के भविष्य का है। दिल्ली की जनता ने भाजपा और आप को 10-11 साल से भरपूर मौका दिया है। केन्द्र में भाजपा और दिल्ली प्रदेश में आप सत्ता में है। इसके बावजूद दिल्ली की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है। खस्ताहाल सडक़ों पर लोग चलते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और केजरीवाल एक दूसरे पर कीचड़ उछालने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। जबकि दिल्ली की जनता को टकराव व नफरत पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की तत्कालीन मनमोहन सरकार और दिल्ली की शीला दीक्षित सरकार ने मिलकर काम कर दिल्ली के विकास को नई पहचान दी थी। आज एक पार्टी शीशमहल कहती है तो दूसरी पार्टी राजमहल की बात करती है। चुनाव को नाक का सवाल बना रखा है। इसमें जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि आप का काम अखबारबाजी, पोस्टर निकालना और वहाट्स अप करना भर है। हकीकत इससे बेहद अलग है और जनता परेशान है। उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों का जिक्र कर चुनाव में जनता से वोट मांगा।
