40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक नए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम दोबारा बदलने वाला है। इसके चलते कई इलाकों में बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश के बाद बादलों की आवाजाही बनी रही।
बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट
बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि, प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट ने फसलों को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। किसान अब आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के शांत होने की दुआ कर रहे हैं।