सदन में कांग्रेस विधायक पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी के विरोध में हंगामा कर रहे हैं। शुक्रवार को मंत्री अविनाश गहलोत ने सदन में इंदिरा गांधी को ‘आपकी दादी’ कहकर संबोधित किया था। जिसके बाद कांग्रेस ने इसे असंसदीय करार दिया और विरोध जताया। इस विवाद के चलते कांग्रेस विधायकों का सदन में धरना आज चौथे दिन भी जारी है।
आज विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाते हुए सदन में हंगामा शुरू कर दिया। इस पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो विधायक निलंबित किए गए हैं, वे सदन से बाहर चले जाएं और आसन का सम्मान करें। कांग्रेस ने आज विधानसभा घेराव की तैयारी भी कर ली है। प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे हैं।