scriptMaru Mahotsav 2025: बैलून उड़ाकर किया मरु महोत्सव का आगाज, निकली भव्य शोभायात्रा, कलाकारों ने बांधा समां | Four day International Desert Festival started from Pokhran of Jaisalmer | Patrika News
जैसलमेर

Maru Mahotsav 2025: बैलून उड़ाकर किया मरु महोत्सव का आगाज, निकली भव्य शोभायात्रा, कलाकारों ने बांधा समां

Maru Mahotsav 2025: भारत-पाक सीमा से सटे सरहदी जिले में अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का आगाज आज परमाणु नगरी पोकरण से हुआ।

जैसलमेरFeb 09, 2025 / 09:09 pm

Anil Prajapat

Maru-Mahotsav
जैसलमेर। भारत-पाक सीमा से सटे सरहदी जिले में अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का आगाज आज परमाणु नगरी पोकरण से हुआ। पोकरण से बीजेपी विधायक और तारातरा मठ के महंत प्रतापपुरी महाराज ने गोल्डन बैलून उड़ाकर मरु महोत्सव का शुभारंभ किया। इससे पहले नेपालेश्वर महादेव महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
पोकरण विधायक सहित अन्य अतिथियों ने रविवार सुबह 9 बजे सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की। इसके बाद यहां से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान रास्ते में कलाकारों की ओर से कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई।
Maru Mahotsav

सालमसागर तालाब से रवाना हुई शोभायात्रा

विधायक महंत प्रताप पुरी, कलक्टर प्रताप सिंह, एसपी सुधीर चौधरी, पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित ने शोभायात्रा को हरी झंड़ी दिखाई। शोभायात्रा सालमसागर तालाब से रवाना होकर मुख्य मार्गों से होते हुए राउमावि मैदान पहुंची।
Maru Mahotsav

रास्ते में कलाकारों ने दी प्र​स्तुतियां

रास्ते में कई लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुतियां दी गई। बीएसएफ के जवान ऊंट पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।

Maru Mahotsav

हुई ये प्रतियोगिताएं

पोकरण के राउमावि मैदान में मुख्य कार्यक्रम चल रहा है। जिसमें लोक कलाकार व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समा बांध दिया।
साथ ही मिस्टर पोकरण, मिस पोकरण, रस्सा-कस्सी, कुश्ती, मटका दौड़ व म्यूजिकल चेयर आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। रात में हरियाणवी कलाकार डी.नवीन व मनीषा शर्मा की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएगी।

इसलिए पोकरण से होता है मरु महोत्सव का आगाज

गौरतलब है कि स्वर्णनगरी जैसलमेर में हर साल अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जाता है। पोकरण के पर्यटन व्यवसाय को पंख लगाने के उद्देश्य से पिछले कई सालों से मरु महोत्सव का आगाज पोकरण से हो रहा है। इस वर्ष भी एक दिवसीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।

महोत्सव में हजारों सैलानियों के आने की उम्मीद

बता दें कि 9 से 12 फरवरी तक आयोजित इस भव्य आयोजन में 15 हजार से अधिक देशी-विदेशी सैलानियों के उमड़ने की संभावना है। जिससे जैसलमेर में 10 करोड़ रुपए तक का व्यवसाय होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Hindi News / Jaisalmer / Maru Mahotsav 2025: बैलून उड़ाकर किया मरु महोत्सव का आगाज, निकली भव्य शोभायात्रा, कलाकारों ने बांधा समां

ट्रेंडिंग वीडियो