scriptक्षमता से अधिक विद्यार्थियों से भरा टेंपो पलटा, हादसे में छात्रा की मौत | tempo overturns students injured one dead in karauli | Patrika News
करौली

क्षमता से अधिक विद्यार्थियों से भरा टेंपो पलटा, हादसे में छात्रा की मौत

डंगरियां गांव से करणपुर आते समय एक निजी स्कूल के बच्चों से भरा टेंपो रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमे डगरियां निवासी छात्रा शिवानी पुत्री रामोतार बैरवा की मौत हो गई तथा आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए।

करौलीFeb 21, 2025 / 04:01 pm

Kamlesh Sharma

accident in karauli
करौली। डंगरियां गांव से करणपुर आते समय एक निजी स्कूल के बच्चों से भरा टेंपो रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमे डगरियां निवासी छात्रा शिवानी पुत्री रामोतार बैरवा की मौत हो गई तथा आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को करणपुर सीएचसी केन्द्र पर भर्ती कराया है। जहां चिकित्साधिकारी डॉ राजबीर सिंह चौधरी व डॉ रामरज मीणा ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल दीपक मीना व निरमा बैरवा को करौली रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर कैलादेवी पुलिस उपाधीक्षक मीना मीणा व करणपुर थानाधिकारी ईश्वर सिंह बिधुरी करणपुर अस्पताल पहुंचे और मृतक छात्रा के शव का चिकित्सा टीम से पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मृतक छात्रा के परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा किया।
मृतक छात्रा शिवानी की मां सीमा बैरवा की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मृतक छात्रा एक निजी विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत थी। छात्रा के पिता रामोतार बैरवा चेन्नई में मजदूरी करते हैं। रामोतार के एक पुत्र व तीन पुत्रियां है। शिवानी सबसे बड़ी थी। परिवार की आर्थिक हालत कमजोर है। इधर थानाधिकारी ईश्वरसिंह बिधुडी ने बताया कि टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।

स्कूली बच्चों से ओवरलोड़ था टेंपो

टेंपो चालक ने क्षमता से अधिक बच्चे बिठा रखे थे। 20 से 25 विद्यार्थी टेंपो में बैठे थे। इस दौरान टेंपो अनियंत्रित हो गया। छात्रा की मौत के बाद उसके परिजन बेहाल है। परिवार में शोक छा गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल विद्यार्थियों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने अवैध रूप से संचालित टेंपो के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया। उन्होंने बताया कि कई जगह स्कूली बच्चों को टेंपो घर से लाते और ले जाते हैं। टेंपो संचालन नियमों का पालन नहीं करते।
सुरक्षा के मापदण्ड नहीं अपनाते। बच्चों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखते। क्षमता से अधिक विद्यार्थी बिठाते हैं। जिसका नतीजा यहां हुए हादसे में देखने को मिला है। परिवहन और पुलिस विभाग ऐसे टेंपो संचालकों पर कार्रवाई नहीं करता।

Hindi News / Karauli / क्षमता से अधिक विद्यार्थियों से भरा टेंपो पलटा, हादसे में छात्रा की मौत

ट्रेंडिंग वीडियो